Ranchi News: BIT Mesra में पहली बार SBI Youth Ideathon का आयोजन, 250 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

नवाचार और नए विचारों को मंच देने की पहल, विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से किया संवाद
रांची: बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (BIT) मेसरा के सभागार में जन कल्याण एवं वन विकास संस्थान के सहयोग से पहली बार SBI Youth Ideathon का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से 250 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को अपने नए विचारों, नवाचार और समस्याओं के समाधान से जुड़े आइडिया साझा करने का मंच मिला।
कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, वरिष्ठ शिक्षाविद्, स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य तथा अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। शिक्षा और इनोवेशन के क्षेत्र से जुड़े कई विशेषज्ञों ने भी विद्यार्थियों के साथ संवाद किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ BIT मेसरा के डीन पोद्दार, सरला बिरला के डीन संदीप कुमार, थिंक स्टार्टअप के निदेशक संजीव शिवेश, डॉ. आरिफ तथा जन कल्याण संस्थान के सचिव विशाल कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संयोजन संस्थान के संस्थापक सचिव विशाल कुमार ने किया।
इस दौरान थिंक स्टार्टअप दिल्ली से डॉ. आरिफ हबीब और संजीव शिवेश के अलावा रांची से डॉ. निरंजन प्रसाद श्रीवास्तव (पूर्व कमिश्नर, आबकारी विभाग) और हिमकर श्याम ने विद्यार्थियों के साथ नवाचार से जुड़े विचार साझा किए। झारखंड स्टार्टअप की ओर से पहुंचे डीएस वर्मा ने भी विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि बेहतर आइडिया सामने आने पर स्टार्टअप की ओर से फंडिंग का अवसर उपलब्ध कराया जा सकता है।
संस्थान के सचिव विशाल कुमार ने कहा कि झारखंड में प्रतिभा और नए विचारों की कमी नहीं है। SBI Youth Ideathon विद्यार्थियों के विचारों को समझने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के विचारों को विकसित कर उन्हें इनोवेशन और वास्तविक समाधान में बदलने के लिए संस्थान प्रयासरत रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर सवाल किए, जिन पर विशेषज्ञों ने चर्चा करते हुए समाधान और सुझाव दिए।
शिक्षाजगत और साहित्य से जुड़े लोगों का सम्मान
कार्यक्रम के अंत में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विशिष्ट अतिथियों ने शिक्षाजगत से जुड़े सदस्यों और प्राचार्यों को सम्मानित किया। साहित्य के क्षेत्र में रांची की साहित्यकार ममता मनीष सिन्हा को मोमेंटो और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं मीडिया क्षेत्र से जुड़ी ऋतुराज वर्षा को मोमेंटो और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा प्रो. चित्रा शर्मा, इंद्रजीत यादव, प्रेमलता (जमशेदपुर), एस्ट्रोलॉजर अर्चित (जमशेदपुर), अभिजीत राज, आकाश कुमार समेत अन्य लोगों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में निम्मी गुप्ता, जाहिदा हबीब, सचिन कुमार समेत व्यवस्थापक सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। अंत में संस्थान के सचिव विशाल कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।


