श्री श्री विश्वविद्यालय का 18वां स्थापना दिवस संपन्न, होम-यज्ञ के साथ हुई शुरुआत

श्री श्री विश्वविद्यालय परिसर में स्थापना दिवस पर आहुति देते कुलपति व स्वामी सत्यचैतन्य जी।

रांची: ओड़िशा के कटक स्थित श्री श्री विश्वविद्यालय ने अपनी स्थापना के 18 वर्ष पूरे कर लिए हैं। 24 सितंबर (गुरुवार) को विश्वविद्यालय का अठारहवाँ स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) तेज परताप तथा कार्मिक निदेशक स्वामी सत्यचैतन्य जी के सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में विशेष होम-यज्ञ का आयोजन किया गया। शाम को राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर द्वारा रचित महाकाव्य ‘रश्मिरथी’ पर आधारित नाटक का मंचन किया गया।

महाभारत की पृष्ठभूमि में दानवीर कर्ण के जीवन एवं चरित्र पर केंद्रित इस नाटक के लेखन एवं निर्देशन की जिम्मेदारी पंकज मणि ने संभाली। डॉ. भरत दाश ने कर्ण की भूमिका में प्रभावशाली अभिनय कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। नाटक में अन्य कलाकारों ने भी विभिन्न भूमिकाएँ निभाईं। अंकित ने कृष्ण, आद्या ने कुंती, आरुणी ने इंद्र, सौरभ ने परशुराम, वरुण ने अर्जुन, सत्यजीत ने दुर्योधन तथा आकाश ने कृपाचार्य की भूमिका निभाई।

वहीं तीन सूत्रधारों की भूमिका में अनन्या, चार्वी और आर्यन का अभिनय भी आकर्षण का केंद्र रहा। वर्ष 2006 में ओडिशा सरकार के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाने के लगभग दो वर्ष बाद, 8 सितंबर 2008 को पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर तथा तत्कालीन मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने श्री श्री विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी थी।

इस अवसर पर तत्कालीन कटक सांसद भर्तृहरि महताब, भुवनेश्वर के सांसद डॉ. प्रसन्न पाट्टशाणी तथा बांकी के विधायक देवाशीष पटनायक सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। स्थापना के अठारह वर्ष पूरे कर चुके इस विश्वविद्यालय से अब तक अनेक मेधावी एवं उत्कृष्ट विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर देश तथा विदेश में विभिन्न प्रतिष्ठित पदों पर अपनी सेवाएँ दे रहे हैं।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More