जन स्वास्थ्य कर्मियों के प्रतिनिधिमंडल ने सिविल सर्जन से की मुलाकात, कहा – पूरी करें हमारी मांगें

दुमका : झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, जिला शाखा दुमका के एक शिष्टमंडल ने आज दुमका के सिविल सर्जन से मुलकात की। इस शिष्टमंडल का नेतृत्व झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जिला सचिव सह राज्य सचिव साथी राजीव नयन तिवारी ने किया। शिष्टमंडल वार्ता के क्रम में विभाग में लंबित मांगों पर चर्चा की गयी। इसमें स्वास्थ्य विभाग के मुख्य शीर्ष 2211 के कर्मियों जिन्हें पिछले सात महीने से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है, उनके समक्ष उत्पन्न भुखमरी की स्थिति से अवगत कराया गया।
शिष्टमंडल ने सीएस से आग्रह किया कि इनके वेतन का भुगतान दशहरा से पहले करा दिया जाए। साथ ही शीर्ष 2210 में समायोजन करने और जीपीएफ की कटौती विवरणी संघ को उपलब्ध कराने के साथ कर्मियों को देय एमएसीपी का लाभ जल्द दिया जाए।
शिष्टमंडल ने वार्ता के क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रानीश्वर के चतुर्थ वर्गीय कर्मी श्रीकुमार मिश्र जिनका मार्च 2019 से अब तक वेतन लंबित है, साथ ही इसी केंद्र के अरविंद कुमार गुप्ता जिनका भुगतान लंबित है, को लेकर खेद प्रकट किया और इसकी मांग की।
वार्ता के क्रम में सिविल सर्जन ने सभी मांगों का त्वरित निष्पादन करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधि मंडल ने महासंघ के साथी राजीव नयन तिवारी, ओमप्रकाश चौबे एंव चिकित्सा संघ के कैलाश प्रसाद साह, तपन कुमार ठाकुर, शैलेन्द्र कुमार, सच्चिदानंद सोरेन, अजितेश राय, श्रीमंत दास, गीता कुमारी, प्रेमलता हेम्ब्रम, रीता रानी मंडल, मंगला रानी घोष, किरण कुमारी, उषा कुमारी, सुचित्रा रानी घोष आदि उपस्थित थे।


