झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार नवीन शर्मा का दिल का दौरा पड़ने से निधन

रांची : झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार और वर्तमान में रांची की एक न्यूज वेबसाइट में कार्यरत नवीन शर्मा का शुक्रवार का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके निधन पर झारखंड के पत्रकार जगत में शोक की लहर फैल गयी। उनके निधन पर तमाम पत्रकार सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से शोक व्यक्त कर रहे रहे हैं।
पढिए उनके निधन पर उनके एक मित्र का फेसबुक पर लिखा यह पोस्ट…
Balendushekhar Mangalmurty
आज का दिन बेहद दुर्भाग्यपूर्ण समाचार लेकर आया. रांची के मेरे प्रिय मित्र नवीन जी नहीं रहे. हार्ट अटैक और एक पल में सब खत्म ! इतना धक्का लगा कि होश हवास गुम हो गए. नवीन जी एकाएक चले गए, बिना कोई पूर्व आभास दिए. दिल के एक कोने में वीरानी उतर आयी है. दर्द अब रिसता रहेगा हलके हलके. जब जब एकांत में होऊंगा, मित्र की याद आएगी, आँखों के कोर से आंसू की बूँदें छलक जाएंगी.
कितनी ही छोटी बड़ी बातें याद आएँगी. रांची को अपना परमानेंट बेस बनाने की सोचा था. जिन मित्रों के भरोसे ये फैसला लिया था, उनमें से एक ने तो साथ छोड़ दिया. नवीन जी के जाने से एहसास हुआ, रांची सुन्दर अपने जंगलों, जल प्रपातों की वजह से नहीं थी, मित्रों की वजह से थी. एक पिलर ढह गया आज. जीवन कितना अप्रत्याशित हो सकता है और कभी कभी तो क्रूर भी, इतना कि हम तत्क्षण कोई प्रतिक्रिया देने की स्थिति में ही नहीं होते.
एक मित्र का जाना। .. जीवन को कितनी निर्धनता से भर देता है ! अब मित्र नहीं हैं, उनकी यादें साथ हैं. उनके साथ बैठकी, देर तक किताबों पर चर्चा, एक दूसरे को धैर्य से सुनना. रांची में अब जब भी मित्रों की महफ़िल जमेगी, एक कुर्सी की ओर अनायास ही नज़र चली जाया करेगी। एक खाली कुर्सी. जहाँ नवीन जी बैठा करते थे.
कितनी ही किताबों की प्लानिंग, क्या ख़रीदा, क्या पढ़ा, क्या पढ़ रहे हैं. छुट्टी के दिन फ़ोन पर बात. उनसे मेरा कहना, मैं जल्द रांची आ रहा हूँ, फिर हम साथ में बैठकी किया करेंगे. उनके घर पर उनकी मेज़बानी. पति पत्नी दोनों का अपनापन से भरा व्यवहार.
कितने याद आएंगे मित्र आप ! और उतना ही रुलायेंगे आप !!
अभी तो तीन चार दिन पहले बात हुई थी. आप कह रहे थे कि अगली किताब पर काम शुरू करना है. दस किताबें लिखनी है. हम कितने सपनों को शेयर किया करते थे. मित्र, जो एक बेहद सज्जन व्यक्ति थे, आपकी दोस्ती, आपकी सज्जनता सब अब यादों का हिस्सा बन गयी हैं.
इतना दर्द मिले तो आदमी फिलोसोफर न हो जाए तो क्या करे !!
अलविदा मित्र. आप हमेशा यादों में रहेंगे !! कभी भूल नहीं पाएंगे. जब जब आपकी याद आएगी, एक कसक सी दिल में उठेगी, नवीन जी, इतनी जल्दी क्यों चले गए. अभी तो हमें कितने साल साथ बिताने थे ! कितने सपनों को हक़ीक़त में बदलते देखने थे !!
तमाम साथियों को और उनके परिवार को इस दुःख की घडी से जूझने का हौसला मिले !!


