अमरिंदर सिंह गृहमंत्री अमित शाह के बाद अब एनएसए अजीत डोभाल से मिलने पहुंचे

नयी दिल्ली : पंजाब का मुख्यमंत्री पद छोड़ चके कांग्रेस के असंतुष्ट नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह गुरुवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मिलने दिल्ली स्थित उनके सरकारी आवास पर पहुंचे हैं। इससे पहले बुधवार की शाम अमरिंदर सिंह ने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।


अमित शाह से कैप्टन की मुलाकात के बाद इसकी राजनीतिक वजहें तलाशी जा रही थीं और यहां तक चर्चा शुरू हो गयी थी कि क्या कांग्रेस का यह असंतुष्ट नेता अब पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल होंगे। लेकिन, अब अगले दिन उनके एनएसए से मुलाकात करने पहुंचने पर इसे देश की आंतरिक सुरक्षा से जोड़ कर देखा जा रहा था।

मालूम हो कि मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने से पहले कैप्टन ने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब व देश की सुरक्षा के लिए खतरा बताया था। उन्होंने बार-बार इस बात पर जोर दिया कि पंजाब एक सीमाई राज्य है और ऐसी हरकतें सही नहीं हैं। कैप्टन ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री व सेना प्रमुख से सिद्धू के रिश्तों का मामला भी उठाया था।

ऐसे में कैप्टन की ये मुलाकातें अहम हैं। कैप्टन अमंिरंदर सिंह के मीडिया सलाहकार ने कल बयान दिया था कि कैप्टन अमरिंदर सिंह दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले। कृषि कानूनों के खिलाफ लंबे समय तक किसानों के आंदोलन पर चर्चा की और कानूनों को रद्द करने के साथ इसका तत्काल हल करने का आग्रह किया।

उधर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके नवजोत सिंह सिद्धू की आज दोपहर साढे तीन बजे चंडीगढ में पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से मुलाकात होनी है। सिद्धू ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है कि उन्हें पंजाब भवन में मिलने बुलाया गया है। अब इस मुलाकात पर भी निगाहें टिकी हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More