झारखंड विधानसभा में नमाज के लिए कमरा आवंटित करने के खिलाफ भाजपा ने किया भजन-कीर्तन, आठ को घेराव कार्यक्रम

रांची : भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड विधानसभा में नमाज पढने के लिए कमरा आवंटित किए जाने के खिलाफ सोमवार को विधानसभा परिवर में भजन-कीर्तन किया। इस दौरान भाजपा के विधायक लाल चुनरी ओढे हुए थे। विधायकों ने भक्तीभाव में नृत्य भी किया और हेमंत सोरेन सरकार को जमकर कोसा।

भाजपा विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष के फैसले को हेमंत सरकार का तुष्टीकरण वाला कदम बताया। विधानसभा के मुख्य द्वार पर भाजपा के विधायकों ने भजन कीर्तन का आयेाजन किया। भाजपा विधायकों के विरोधी तेवर के चलते आज सदन की कार्यवाही भी सुचारू रूप से नहीं चल सकी।


भारतीय जनता पार्टी के इस विरोध प्रदर्शन में सीपी सिंह, अमर कुमर बाउरी, रामचंद्र चंद्रवंशी सहित तमाम विधायक थे। भाजपा ने विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के फैसले के खिलाफ आंदोलन की एक विस्तृत रणनीति तय की है। इसके तहत सात सितंबर को जिला केंद्र पर पार्टी के सभी मोर्चोें द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा और राज्यपाल के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। आठ सितंबर को विधानसभा के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा और नौ सितंबर को राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

बाद में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा के कदम पर दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा कि आज प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री का जवाब लगा था, ऐसा बहुत कम ही होता है, मुझे जवाब देना था, लेकिन मैं विपक्ष की वजह से जवाब नहीं दे सका।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More