बिहार की डिप्टी सीएम रेणु देवी बोलीं – आर्टिफिशियल है बाढ, विपक्ष ने उठाया सवाल

पटना : बिहार की उप मुख्यमंत्री रेणु देवी एवं भाजपा नेता रेणु देवी ने राज्य में बाढ की आपदा को आर्टिफिशियल यानी अप्राकृतिक बताया। उप मुख्यमंत्री रेणु देवी ने यह बात मुजफ्फरपुर के दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।

उप मुख्यमंत्री रेणु देवी ने कहा कि बिहार में बाढ आर्टिफिशियल है। सबसे अधिक नेपाल से दिक्कत होती है, जिसको लेकर बिहार सरकार नेपाल सरकार से बातचीत कर रही है और जल्द ही इसका हल निकलेगा। डिप्टी सीएम रेणु देवी के इस बयान पर विपक्ष जहां हमलावर हो गया है, वहीं भाजपा बचाव की मुद्रा में है।

राजद नेता व विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बाढ आर्टिफिशियल हो या आपदा, आखिर इससे नुकसान जनता को होता है, इसलिए सरकार को इसका हल निकालना चाहिए।

वहीं, राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि उप मुख्यमंत्री का बाढ पर दिया गया बयान उचित नहीं है। उनके बयान से बाढ को लेकर गंभीरता नहीं दिखती है। बाढ से लोग परेशान हैं, गांव के गांव पानी में डूबे हुए हैं। मालूम हो कि रेणु देवी राज्य में आपदा प्रबंधन विभाग की भी मंत्री हैं।

वहीं, कांग्रेस के प्रवक्ता राजेश राठौर ने कहा कि उपमुख्यमंत्री को बाढ आर्टिफिशियल लगता है, जबकि हमें यह सरकार ही आर्टिफिशियल लगती है। बिहार का आम आदमी भी यह जानता है कि नेपाल में जब जलस्तर बढता है तो बिहार में बाढ आती है। इसका समाधान होना चाहिए।

भाजपा नेता अरविंद सिंह ने बचाव करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री रेणु देवी मीटिंग से बाहर निकली थीं, तभी वे हड़बड़ी में गलती से ऐसा बोल गयीं। उनके कहने का मतलब है कि यह प्राकृतिक आपदा है और अंतरराष्ट्रीय मामला है। उन्होंने कहा कि सरकार बाढ को लेकर नेपाल से बातचीत कर रही है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More