बिहार : कटिहार के मेयर शिवराज पासवान की गोली मार कर हत्या, 11 नामजद, 4 गिरफ्तार

कटिहार : बिहार के कटिहार नगर निगम के मेयर शिवराज पासवान उर्फ शिवा पासवान की गुरुवार, 29 जुलाई 2021 को अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी। शिवराज पासवान को रात सवा नौ बजे उस वक्त गोली मारी गयी जब वे किसी मामले की पंचायती कर लौट रहे थे।

गोली मारे जाने के बाद गंभीर हालत में उन्हें कटिहार मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी।

 जानकारी के अनुसार, कटिहार के संतोषी चौक के पास तीन अज्ञात अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसायी, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए और जमीन पर गिर पड़े। गोली की आवाज सुन कर आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और उन्हें इसके बाद पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कटिहार मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। कटिहार मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

बिहार के एडीजी जितेंद्र कुमार ने कहा कि कल रात सवा नौ बजे कटिहार के मेयर की हत्या हुई है और उनके भाई के बयान पर 11 नामजद अभियुक्तों व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और इसमें चार अभियुक्तें की गिरफ्तारी भी हो गयी है। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए सर्च अभियान जारी है।

मामले की जानकारी मिलते ही उनके समर्थक व अन्य लोग मेडिकल कॉलेज में जुट गए। उनके समर्थक आक्रोशित होकर हंगामा करने लगे। पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की गयी। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More