मध्यप्रदेश के ग्वालियर में बस व ऑटो की टक्कर में 13 की मौत, ड्राइवर छोड़ सभी मृतक महिलाएं

ग्वालियर : मध्यप्रदेश के ग्वालियर में मंगलवार को बस व ऑटो की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गयी, जबकि कई दूसरे लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीक के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। यह हादसा मंगलवार की सुबह पुरानी छावनी इलाके में हुआ।

दुर्घटना के बाद पहले 10 लोगों की मौत व चार लोगों के घायल होने की खबर आयी थी, हालांकि बाद में ग्वालियर के एडिशनल एसपी ने 13 लोगों की मौत की पुष्टि की।

मध्यप्रदेश के स्थानीय अखबार नई दुनिया के अनुसार, मृतकों में ऑटो चालक व 12 महिलाएं शामिल हैं। इन महिलाओं को पोषण आहार दिवस पर ठेकेदार ने खाना बनाने के लिए बुलाया था। ये महिलाएं दो आॅटो से घर लौट रही थीं, लेकिन रास्ते में एक ऑटो खराब हो गया तो सभी एक ही आॅटो पर सवार हो गयीं। जिसके कुछ देर बाद बस ने उस ऑटो को टक्कर मार दी।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए कहा है कि ग्वालियर में बस और ऑटो की टक्कर में कई लोगों की जान गयी है, जिससे वे बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सकरार की ओर से प्रत्येक मृतक को चार लाख रुपये व घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More