पश्चिम बंगाल चुनाव : तृणमूल विधायक जितेंद्र तिवारी की ममता दीदी को गुगली, आखिरकार भाजपा में हो गए शामिल

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की पांडवेश्वर सीट से विधायक जितेंद्र तिवारी आखिरकार भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। मंगलवार को हुगली में एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने उन्हें पार्टी का झंडा थमा कर पार्टी में शामिल करवाया। इससे पहले पिछले साल भी जितेंद्र तिवारी के भाजपा में शामिल होने की चर्चा जोर थी और उस वक्त वे पार्टी में शामिल होते-होते रह गए थे।

तब क्राइसिस मैनेजमेंट के तहत टीएमसी के रणनीतिकारों ने उसकी पार्टी अध्यक्ष व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात करवायी थी और फिर वे अचानक भाजपा में जाने से पलट गए थे। लेकिन, अब चुनाव के ऐलान के बाद वे भाजपा के सदस्य बन गए हैं और संभावना मजबूत है कि भाजपा के टिकट पर पांडवेश्वर सीट से चुनाव लड़ेंगे।

जितेंद्र तिवारी ने भाजपा में शामिल होने के बाद एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि व्यक्ति जिन संस्कारों के साथ बड़ा होता है, उसे वैसी ही पार्टी के साथ जुड़ कर काम करना चाहिए। पहले भाजपा में शामिल होने का पार्टी के कुछ नेताओं द्वारा उनका विरोध किया जा रहा था।

अब उनके भाजपा में शामिल होने पर आसनसोल से भाजपा सांसद व केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने कहा है कि अब साथ मिल कर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पहले उनसे उनकी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता थी। उन्होंने कहा कि उनकी जितेंद्र तिवारी से बात भी हुई है।

उधर, टीएमसी महासचिव पार्थ चजर्टी ने कहा है कि जितेंद्र तिवारी के भाजपा में जाने से पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। पहले भी कई लोग तृणमूल से भाजपा में गए और वापस आए। उन्होंने कहा कि पार्टी का एकमात्र चेहरा ममता बनर्जी ही हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More