TMC व कांग्रेस के सांसदों ने राज्यसभा सदस्य व पूर्व CJI रंजन गोगोई के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव पेश किया

नयी दिल्ली : तृणमूल कांग्रेस एवं कांग्रेस के राज्यसभा सांसदों ने उच्च सदन के सदस्य व भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव पेश किया है। लाइव लॉ की खबर के अनुसार, तृणमूल सदस्यों ने राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी को चिट्ठी लिख कर गोगोई द्वारा विशेषाधिकार हनन का सवाल उठाया है। रिपोर्ट के अनुसार, 9 दिसंबर, 2021 को एनडीटीवी के साथ एक साक्षात्कार में राज्यसभा में उनकी उपस्थिति पर एक सवाल के जवाब में जस्टिस गोगोई द्वारा की गयी कुछ टिप्पणियों के संबंध में नोटिस भेजा गया है।
नोटिस में एक न्यूज चैनल का दिए साक्षात्कार में गोगोई की टिप्पणी को लेकर कहा गया है कि वे ऐसा कह कर कर राज्यसभा की अवमानना कर रहे हैं और सदन की गरिमा को ठेस पहुंचा है और विशेषाधिकार हनन हुआ है।
नोटिस में कहा गया है कि एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में रंजन गोगोई ने कहा कि एक स्वतंत्र सदस्य के रूप में वह जब चाहें राज्यसभा में उपस्थित होते हैं। पूर्व मुख्य न्यायाधीश ने यह भी कहा थाए ष्जब मेरा मन करता है मैं राज्यसभा जाता हूं, जब मुझे लगता है कि महत्वपूर्ण मामले हैं जिन पर मुझे बोलना चाहिए। मैं एक मनोनीत सदस्य हूं जो किसी पार्टी के व्हिप द्वारा शासित नहीं है। लिहाजा जब भी पार्टी सदस्यों को सदन में उपस्थित होने के लिए निर्देश किया जाता है, तो वह मुझ पर बाध्य नहीं होता है। मैं अपनी इच्छानुसार वहां जाता हूं और आता हूं। मैं सदन का स्वतंत्र सदस्य हूं।
भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश के पद से सेवानिवृत्त होने के चार महीने के अंदर ही राज्यसभा सदस्य मनोनीत किए जाने के सवाल पर कहा, राज्यसभा के बारे में कोई जादू नहीं है, अगर मैं ट्रिब्यूनल का सदस्य होता तो मेरे वेतन के मामले में बेहतर होता। नोटिस में कहा गया है कि मिसालें और प्रथाएं बताती हैं कि विशेषाधिकार समिति के पास विशेषाधिकार के कथित उल्लंघन की जांच करने का अधिकार है, भले ही टिप्पणी राज्यसभा के बाहर की गयी हो। सांसदों ने समिति के हस्तक्षेप की मांग की और विशेषाधिकार हनन के सवाल को उसके समक्ष रखने की मांग की।


