रक्षामंत्री राजनाथ ने लोकसभा में जनरल बिपिन रावत के हेलिकॉप्टर हादसे पर दिया बयान, कृतज्ञ राष्ट्र दे रहा श्रद्धांजलि

नयी दिल्ली : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को लोकसभा में तमिलनाडु में चीफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत के हेलिकॉप्टर हादसे को लेकर बयान दिया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जनरल बिपिन बिपिन रावत अपने दौरे के लिए तमिलनाडु के वेलिंग्टन जा रहे थे। वायु सेना के एमआइ – 17 वी5 हेलिकॉप्टर कल 11.48 बजे पूर्वाह्न सुलूर एयर बेस से अपनी उड़ान भरी और इसे 12.15 बजे वेलिंग्टन लैंड करना था लेकिन सुलूर एयर बेस के एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने 12.08 बजे अपना संपर्क खो दिया।

उन्होंने कहा, तमिलनाडु के कुन्नूर के पास जंगल में कुछ स्थानीय लोगों ने हेलिकॉप्टर के अवशेषों को आग की लपटों से घिरा हुआ देखा। स्थानीय प्रशासन से एक बचाव दल घटनास्थल पहुंचकर बचाव अभियान कर लोगों को अस्पताल पहुंचाया। हेलिकॉप्टर में सवार कुल 14 में से 13 लोगों की मौत हो गयी।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, जनरल बिपिन रावत का पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा और अन्य सभी सेना अधिकारियों का अंतिम संस्कार उचित सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।


राजनाथ सिंह ने कहा, सभी पार्थिव शरीर को आज शाम तक दिल्ली लाया जाएगा। ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह सेना के वेलिंग्टन अस्पताल लाइफ सर्पोट पर हैं और इन्हें बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। मालूम हो कल यानी आठ दिसंबर 2021 को तमिलनाडु में हेलिकॉप्टर हादसे में भारत के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत उनकी पत्नी मधुलिका रावत सहित 11 सैन्य अधिकारियों-कर्मियों की मौत हो गयी।


जनरल रावत के निधन के बाद बुधवार रात्रि दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैबिनेट की सुरक्षा मामलों की समिति की अहम बैठक की। कृतज्ञ राष्ट्र इस हादसे के बाद जनरल रावत के योगदान के याद कर रहा है और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। चेन्नई में आज उनका शव रखा गया है, जहां मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More