प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा के जेवर में भारत के सबसे बड़े एयरपोर्ट के निर्माण कार्य का किया शिलान्यास

नोएडा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे उत्तरप्रदेश के नोएडा के जेवर में भारत व एशिया के सबसे बडे और दुनिया के चौथे सबसे बड़े प्रस्तावित एयरपोर्ट के निर्माण कार्य का गुरुवार, 26 नवंबर 2021 को शिलान्यास किया। इस एयरपोर्ट का निर्माण कार्य तीन चरणों में पूरा होगा और पहले चरण का निर्माण कार्य तीन सालों में पूरा कर लिए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके शिलान्यास कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका उदघाटन करते हुए कहा, 21वीं सदी का भारत एक से बढ़कर एक आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कर रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट कनेक्टिविटी के जरिए बेहतर मॉडल बनेगा। यह उत्तर भारत का लॉजिस्टिक गेटवे बनेगा। यह पूरे क्षेत्र को नेशनल गतिशक्ति मास्टर प्लान का प्रतिबिंब बनाएगा।


उन्होंने कहा, नोएडा इंटरनेशन एयरपोर्ट निर्यात के बहुत बड़े केंद्र को अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों से सीधे जोड़ेगा। यहां के किसान फल, सब्ज़ी, मछली जैसी ज़ल्दी खराब होने वाली उपज को सीधे निर्यात कर पाएंगे। मोदी ने कहा, आज़ादी के 7 दशक बाद पहली बार उत्तर प्रदेश को वो मिलना शुरू हुआ है, जिसका वह हमेशा से हकदार रहा है। डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से आज उत्तर प्रदेश देश के सबसे कनेक्टेड क्षेत्र में परिवर्तित हो रहा है।


आज देश और दुनिया के निवेशक कहते हैं कि उत्तर प्रदेश यानी, उत्तम सुविधा, निरंतर निवेश। आने वाले 2-3 सालों में जब जेवर एयरपोर्ट शुरू हो जाएगा, उस वक्त उत्तर प्रदेश 5 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे वाला राज्य बन जाएगा।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, प्रधानमंत्री का निर्देश था कि एशिया का सबसे बड़ा हवाई अड्डा बनेगा तो उत्तर प्रदेश के जेवर में बनेगा। यहां आने वाले दिनों में 34,000 करोड़ से भी ज़्यादा का निवेश होगा। जेवर एयरपोर्ट को रोड, रेल, मेट्रो, बस सेवा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश एक नयी ऊंचाई की ओर बढ रहा है।


उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि इस एयरपोर्ट का नाम नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट रखा गया है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More