कृषि कानून की वापसी के बाद भी किसानों का आंदोलन जारी रहेगा, 22 नवंबर को लखनऊ में होगी रैली

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 19 नवंबर को तीन कृषि कानूनों को वापस लिए जाने का ऐलान किए जाने के बाद भी किसान अपना आंदोलन जारी रखेंगे। केंद्र सरकार के कृषि कानून वापसी के ऐलान के बाद शनिवार, 20 नवंबर को दिल्ली में संयुक्त किसान मोर्चा की एक अहम बैठक हुई, जिसमें तमाम परिस्थितियों पर विचार करते हुए विभिन्न किसान संगठनों ने आगे का निर्णय लिया।

किसानों के नेता दर्शन पाल सिंह ने कहा, आज की बैठक में फैसला लिया गया कि हमारे 22, 26 और 29 नवंबर को जो कार्यक्रम होने वाले हैं वो जारी रहेंगे। 22 को लखनऊ में रैली होगी और 26 को पूरे देश में किसान आंदोलन के एक साल पूरे होने पर जश्न मनाया जाएगा और 29 को संसद तक ट्रैक्टर मार्च होगा।


दर्शन पाल सिंह ने कहा, 22 तारीख को लखनऊ की रैली को कामयाब करना है। अगर लखीमपुर खीरी में हमारे साथियों को परेशान करने की कोशिश की जाती है तो फिर हम लखीमपुर खीरी इलाके में आंदोलन चलाएंगे।

वहीं, किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा, 22, 26 और 29 नवंबर को जो कार्यक्रम होने वाले हैं उन्हें रोका नहीं जाएगा। अगर सरकार को बातचीत करनी है तो वो बात कर सकते हैं। शुरू में ही ये बातचीत हो गयी होती तो इतने किसानों की मृत्यु नहीं होती।


किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा, सरकार ने तीनों कृषि क़ानूनों को वापस लेने के लिए बोला है तो वो इसको कब तक वापस लेंगे इसके बारे में कुछ ठोस नहीं है। एमएसपी पर अभी कोई ठोस बात नहीं हुई है और जो मामले किसानों पर दर्ज़ हुए हैं उनको भी वापस लेना चाहिए।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More