जमशेदपुर : कार की डिक्की से 70 किलो गांजा बरामद, कार सवार हो गए फरार

जमशेदपुर : जमशेदपुर में गांजा की बड़ी खेप पकड़ायी है। एमजीएम थाना क्षेत्र में बालीगुमा सुकमा बस्ती के पास शनिवार को एक होंडा सिटी कार से 70 किलो गांजा की बरामदगी की गयी। कार का नंबर डब्ल्यूबी 02 जेड 2066 है।
पुलिस की कार्रवाई होती देख कार का ड्राइवर और उस पर सवार अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गया। इस मामले में पुलिस कार के मालिक के बारे में जानकारी जुटा रही है।
डीएसपी वीरेंद्र राम व एमजीएम थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि घाटशिला की ओर से एक होंडा सिटी कार से गांजा की खेप लाये जाने की गुप्त सूचना के बाद नरगा में चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस जांच होता देख कार चालक गाड़ी को लेकर भागने लगा जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया और बालीगुमा सुकमा बस्ती के पास कार को रोका। कार पर गांजा अलग-अलग 70 पैकेट में था। हर पैकेट का वजन करीब एक किलोग्राम है। जिससे यह स्पष्ट होता है कि गांजा के अवैध कारोबार को एक मजबूत नेटवर्क है और इसकी खपत आसपास के इलाके में होती है।
जमशेदपुर में पश्चिम बंगाल व ओडिशा के रास्ते गांजा की तस्करी होती है और कई बार इस मामले में कार्रवाई की गयी है।


