नेपाल बार्डर पर फायरिंग मामला : रिहा हुए लगन किशोर ने बतायी ज्यादती की कहानी

सीतामढी : भारत-नेपाल सीमा पर बिहार के सीतामढी जिले में कल हुई झड़प मामले में लगन किशोर नामक शख्स को नेपाली सुरक्षा बल ने रिहा कर दिया. लगन किशोर को कल नेपाल के सुरक्षा बल ने झड़प के बाद अपने कब्जे में ले लिया था. कल नेपाल की ओर से की गयी फायरिंग में पांच भारतीयों को गोली लगी थी, जिसमें एक की मौत हो गयी थी.
लगन किशोर ने आज कहा कि जब उनलोगों ने फायरिंग शुरू की तो हम लोग दौड़ कर भारत की सीमा में आ गए, लेकिन वे लोग में भारत की सीमा से पकड़ कर ले गए. उन्होंने कहा कि नेपाली सुरक्षा बल ने मुझे रायफल के बट से मारा और नेपाल के संग्रामपुर ले गए.
लगन किशोर ने कहा कि उनलोगों ने मुझ पर यह दबाव डाला कि मैं यह कबूल करूं कि मुझे नेपाल की सीमा में पकड़ कर यहां लाया गया, इस पर मैंने उन्हें कहा कि आप मुझे मार सकते हैं लेकिन मैं यहां भारत से ही पकड़ कर लाया गया हूं.




