Lohardaga News: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर राधा-कृष्ण बने बच्चे, दिखाया हुनर

लोहरदगा/घाघरा: भास्कर एजुकेशनल एकेडमी की घाघरा स्थित देवी मंडप रोड और सिसई के थाना रोड शाखा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। राधा-कृष्ण के बाल स्वरूप में सजे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया। भजन और कृष्ण के जयकारों से विद्यालय परिसर भक्तिमय बना रहा।
जन्माष्टमी के अवसर पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों की टोलियों ने उत्साह के साथ इसमें भाग लिया। इसके अलावा मटका सजावट, थाली सजावट और हस्तनिर्मित बांसुरी बनाने की प्रतियोगिता भी हुई। विद्यार्थियों ने रंग, गोटा-किनारी और मोतियों से आकर्षक मटकियां व थालियां सजाईं। बच्चों ने बांसुरी वादन प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्राचार्य डॉ. नितेश रंजन भास्कर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर शशी भूषण गोस्वामी, संगम भारती, अनिता नंदा, मुकेश शर्मा, मेघा कुमारी, रुचिका कुमारी, किरण कुमारी, सारिका साहू, सुभद्रा देवी, सुचिता मींस, संध्या कछप, प्रियंका सिंह, जुही कुमारी, ज्योति देवी, लीना कुमारी, सोनी कुमारी, यादव कुमारी, आकाशी ताम्रकर, शीतल कुमारी, आभा सिंह, प्रमोद उरांव, चंदन महतो, सरोज कुमारी, पूजा कुमारी, पारसनाथ, पिंकी देवी और ऋतु कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं व कर्मचारी मौजूद थे।


