दो पुलिस वाहनों में हुई भीषण टक्कर, कई जवान घायल

गुमला: जिले में शनिवार को घाघरा थाना के अंतर्गत आवरा ढलान के पास दो पुलिस वाहनों में जबरदस्त टक्कर हुई। इस दुर्घटना में कई पुलिस कर्मी घायल हो गये। सभी घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि महुआडांड़ के पुलिस कर्मी महुआडांड़ बैंक के लिए नोट लाने लोहरदगा जा रहे थे। वहीं, दूसरी ओर सिमडेगा से खाली बस नेतरहाट में ट्रेनिंग के लिए गये जवानों को लाने जा रही थी। इसी दौरान दोनों में भीषण टक्कर हो गयी। इस दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये। हालांकि, इस दुर्घटना में किसी की मौत नहीं हुई। दुर्घटना में घायल हुए हवालदार धर्मेन्द्र सिंह, ड्राईवर तरसीम केरकेट्टा, हरीश प्रसाद, शिवचन्द्र हेम्ब्रम सहित सभी आईआरबी के जवान घायल हो गये। इन घायलों को डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रांची के मेडिका हॉस्पिटल रेफर कर दिया।


