1932 का खतियान को सरकार बना सकती है स्थानीयता का आधार

रांची : राज्य में स्थानीय नीति में बदलाव की बात सामने आ रही है। राज्य के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा कि नयी सरकार झारखंड के स्थानीय नीति में बदलाव करेगी। इस नीति के तहत स्थानीयता के लिए 1932 के खतियान को आधार बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इससे फर्क नहीं पड़ता कि विभाग क्या कहता है। कहा कि स्थानीय नीति में बदलाव कर 1932 के खतियान को ही स्थानीयता का आधार बनाया जाएगा। साथ ही देवघर में जिंदल को आवंटित जमीं को भी वापस लिया जाएगा।
इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन ने जनवरी में कहा था कि मौजूदा राज्य सरकार स्थानीय नीति में संशोधन करेगी, जिसमें 1932 के खतियान को आधार माना जायेगा। उन्होंने कहा था कि मौजूदा नीति में काफी कमियां हैं। इस बयान पर भाजपा ने आपत्ति जताते हुए कहा था कि दिशोम गुरु के इस बयान से राज्य में फिर से अस्थिरता का माहौल पैदा हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि रघुवर सरकार के कार्यकाल में 1985 से रह रहे लोगों को स्थानीय माना और इसी आधार पर स्थानीय नीति बनाई गयी थी। वहीं, आज विधानसभा में सत्ता और विपक्ष के बीच नेता प्रतिपक्ष की लड़ाई के कारण बजट सत्र का पांचवां दिन भी हंगामे की बलि चढ़ गया। भाजपा के विधायकों ने मुंह पर पट्टी बांधकर विधानसभा के बाहर मौन प्रदर्शन किया।


