राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना जारी, 17 राज्यों की 55 सीटों पर चुनाव, जानें पूरा ब्यौरा

नयी दिल्ली : राज्यसभा के चुनाव की अधिसूचना चुनाव आयोग ने आज जारी कर दी. राज्यसभा की 55 सीटों के लिए 17 राज्यों में चुनाव होंगे. महाराष्ट्र में सबसे अधिक सात सीटों पर, उसके बाद तमिलनाडु में छह सीटों पर व पश्चिम बंगाल एवं बिहार में पांच-पांच सीटों पर चुनाव होगा. ओडिशा, गुजरात, आंध्रप्रदेश में चार-चार सीटों पर चुनाव होगा.
असम, राजस्थान एवं मध्यप्रदेश में तीन-तीन सीटों पर चुनाव होगा. झारखंड, तेलंगाना, छत्तीसगढ, हरियाणा में दो-दो सीटों पर चुनपाव होगा. हिमाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघायल में एक-एक सीट पर चुनाव होना है.
बिहार में पांच राज्यसभा सीटों पर चुनाव है, जिसमें तीन सीटें सत्ताधारी जदयू-भाजपा-लोजपा गठबंधन की झोली में जांएगी. दो सीटें सीधे जदयू की झोली में आएंगी, जिस पर नीतीश कुमार की पार्टी फैसला लेगी. झारखंड में दो सीटों पर चुनाव है. सत्तापक्ष पहली बार सबसे बड़े बहुमत के साथ सरकार में है, ऐसे में एक पक्की सीट के साथ दूसरी सीट पर भी उसकी निगाह टिकी है. पहली सीट के लिए झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन उम्मीदवार घोषित कर दिए गए हैं और उनका जीतना तय है. वहीं, दूसरी सीट के लिए झामुमो-कांग्रेस गठबंधन व भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला होगा.
पश्चिम बंगाल में पांच सीटों में विधानसभा के संख्या गणित के हिसाब से अधिकतर सीट सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के खाते में जाएंगी. महाराष्ट्र में सात सीटों पर चुनाव है. वहां, शिवसेना, कांग्रेस, एनसीपी की साझा सरकार है, इसलिए उनके खाते सात में कम से कम चार सीटें आएंगी ही, भाजपा के खाते में भी दो सीट जाना तय है. सातवीं सीट के लिए मुकाबला होगा. तेलंगाना में के चंद्रशेखर राव व मध्यप्रदेश में कांग्रेस बड़े बहुमत से सत्ता में है, इसलिए वहां दोनों सीटों पर सत्ताधारी खेमा कब्जा कर सकता है. मध्यप्रदेश में तीन सीट पर चुनाव है और सत्ता का समीकरण बेहद नाजुक है. इसलिए एक-एक सीट कांग्रेस व भाजपा की तय है, लेकिन मुकाबला तीसरे के लिए होगा. राजस्थान में भी कमोबेश ऐसा ही परिदृश्य होगा. असम में तीन में दो सीटें भाजपा की पक्की है, जबकि एक सीट कांग्रेस खेमे में जा सकती है.


