बालू ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने राजभवन के सामने दिया धरना

रांची: राजभवन के सामने सोमवार को झारखंड बालू ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने धरना दिया। संगठन के अध्यक्ष दिलीप कुमार साहू ने बताया कि पूरे राज्य में बालू नदी से निकालने से लेकर गंतव्य तक पहुंचाने में लाखों मजदूर जुड़े हैं। साथ ही हजारों की संख्या में ट्रक एवं ट्रैक्टर बालू उठाव व् परिचालन में लगा हुआ है|
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की गलत नीतियों के कारण बालू व्यापारियों, ट्रक मालिकों एवं मजदूरों का हमेशा शोषण किया जाता रहा है। कभी ओवर लोडिंग, तो कभी अवैध बालू एवं माइनिंग चालान सहित अन्य कारणों को लेकर अक्सर प्रशासन द्वारा परेशान किया जाता है।
इसके बाद एसोसिएशन ने सरकार के समक्ष अपनी मांगों को रखा। जिसमें घाट पर सरकारी दर पर माइनिंग चालान की व्यवस्था, वाहनों पर लगाए जाने वाले जुर्माने की रकम में कमी, सिर्फ सम्बंधित विभाग द्वारा ही बालू गाड़ी की जांच एवं पकड़ने का अधिकार सहित अन्य मांगें शामिल हैं।


