राजनीतिक मतभेद के कारण महिला सशक्तिकरण को दांव पर लगा रहे हेमंत: प्रिया पटेल

रांची: राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के लिए एक रूपए में रजिस्ट्री को बंद करने को लेकर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रिया पटेल ने हेमंत सोरेन की खूब खिंचाई की। उपाध्यक्ष ने कहा कि हेमंत सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए चल रही 1 रूपए में में रजिस्ट्री योजना को बंद करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि जिस योजना से पिछले पांच वर्षों में राज्य की 80 फीसदी महिलाएं अपनी संपत्ति की मालकिन बनी, ऐसी योजना को बंद करना सरकार की द्वेषपूर्ण मानसिकता को दर्शाता है। सरकार सबकुछ जानते हुए भी सिर्फ भाजपा से उनके द्वेष के कारण ऐसी कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर रही है।
इसके अलावा उपाध्यक्ष पटेल ने सरकार से स्पष्टीकरण मांगते हुए पूछा कि आखिर राज्य की महिलाओं के लिए इस तरीके से अहितकारी कदम उठाने के पीछे उनकी मंशा क्या है? उन्हें यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि भाजपा से द्वेष रखने के कारण वो राज्य की महिलाओं को एकबार फिर से परालम्बन की आग में क्यूँ झोंकना चाहते हैं?


