बिरसा मुंडा की धरती पर उतरे राष्ट्रपति, राज्यपाल- सीएम ने की आगवानी

रांची: भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपनी तीन दिवसीय दौरे पर शनिवार की शाम पांच बजे विशेष विमान से रांची एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां पहले से मौजूद राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गर्मजोशी के साथ उनकी आगवानी की। इस मौके पर शहर की प्रथम नागरिक मेयर आशा लकड़ा व प्रदेश के मुख्य सचिव डाॅ डीके तिवारी भी मौजूद थे। एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद राष्ट्रपति सड़क मार्ग से राजभवन के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति के झारखंड आगमन पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए टवीटर पर लिखा है कि बिरसा मुंडा की पावन धरती पर प्रदेश के पौने तीन करोड़ लोगों की ओर से उनका अभिनंदन है। एयरपोर्ट से राजभवन जाने के क्रम में प्रशासन ने कठोर सुरक्षा के इंतजामात किये थे। कई जगहों पर बैरिकेडिंग की गई थी। रविवार को राष्‍ट्रपति गुमला जिले के बिशुनपुर में विकास भारती का ट्राइबल सेंटर देखने जाएंगे। इसके बाद देवघर में बाबा वैद्यनाथ धाम मंदिर में भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन करेंगे। सोमवार को राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद रांची विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वे रांची से कोलकता के लिए उड़ान भरेंगे।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजामात हैं। एयरपोर्ट से लेकर राजभवन तक चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी मौजूद थे। इसके अलावे उनके तीन स्थानों पर होनेवाले कार्यक्रम में भी व्यापक सुरक्षा के बंदोबस्त हैं। 14 अतिरिक्त आईपीएस अधिकारी, 48 डीएसपी और 10 हजार से अधिक अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। इनकी प्रतिनियुक्त 30 सितंबर तक के लिए की गई है। राष्ट्रपति के आगमन पर रिम्स ने 3 सदस्यीय मेडिकल टीम बनाई है। पहली टीम में डॉ ग्रेगरी मिंज, डॉ विनय कुमार, डाॅ भारती, दूसरी टीम में डॉ संजय कुमार सिंह, डॉ फारूख हसन, डाॅ बोनीफेस हेंब्रम व तीसरी टीम में डाॅ मनोज कुमार प्रसाद, डाॅ एमडी केरकेट्टा, डाॅ रमेश खैरवार शामिल हैं।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More