रामगढ़: पूर्व मुख्यमंत्री व झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने एक बार रघुवर सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास के सरकार में केवल अपराधियों की बादशाहत कायम है। आलम यह है कि अपराधी दिनदहाड़े किसी की हत्या करने से नहीं चूक रहे हैं। सोरेन शुक्रवार को झामुमो के केंद्रीय सदस्य गहन टुडू के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने उरीमारी स्थित उनके आवास पहुंचे थे।
इस बाबत उन्होंने गहन टुडू की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वे शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढ़स बंधाया। सोरेन ने कहा कि गहन टुडू पार्टी के समर्पित नेता थे। उनकी हत्या से पार्टी को अपूरणीय क्षति पहुंची है। गौरतलब है कि 15 सितंबर को दिनदहाड़े अपराधियों ने उरीमारी पहाड़ी शिव मंदिर मोड़ के समीप उन्हें गोली मार दी थी। इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई थी।
हेमंत सोरेन ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में विस्थापितों के आंदोलन को रोकने के लिए पुलिस फोर्स है, लेकिन उन्हें सुरक्षा देने के लिए पुलिस फोर्स नहीं है। दो दिन पहले रांची में सेविकाओं पर सरकार के सह पर पुलिस ने लाठी-डंडा बरसाया गया। उन्होंने कहा कि वे इस मामले को महिला आयोग तक जाएंगे। कहा कि प्रदेश के हालात बद से बदतर हो चुके हैं।