विदेशी पर्यटक झारखंड जरूर आएं, देखें यहां की वादियों को: बाउरी

विश्व पयर्टन दिवस की शुभकामनाएं दी
चंदनकियारी: विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटन मंत्री अमर कुमार बाउरी ने बधाई देते हुए देश और विदेश के पर्यटकों को झारखंड आने का निमंत्रण दिया है। वे कहते हैं कि झारखंड को प्रकृति ने अप्रतिम सौंदर्य और असीमित पर्यटन स्थलों से नवाजा है। एक ओर सदियों के प्राकृतिक परिवर्तनों ने इन नयनाभिराम दृश्यों और स्थलों की रचना की है, जिनमें खूबसूरत झरने, नदी, पहाड़, पठार और वन्य प्रदेश शामिल हैं, तो दूसरी ओर कई मानवनिर्मित भी हैं जैसे उद्यान, मंदिर व प्राचीन कला स्थल।
श्री बाउरी ने कहा कि झारखंड क्षेत्र विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों एवं धर्मों का संगम क्षेत्र है। आदिवासिओं का अनूठा जीवन और उनके विविधतापरक रीतिरिवाज भी पर्यटकों का बरबस मन मोह लेते हैं। कहा कि झारखंड को प्रकृति ने बड़ी ही खूबसूरती से सजाया है। यहां के झरने, संस्कृति, कला व खानपान अदभुत है।
बाउरी ने कहा कि पर्यटकों को एक बार झारखंड जरूर आना चाहिए। विश्व पर्यटन दिवस पर उन्होंने कहा कि सदियों से जिस धरोहर को हमारे पूर्वजों ने संभाले रखा है उसको जानना और समझना हर व्यक्ति का फर्ज है। उन्होंने प्रधानमंत्री के लालकिला से दिए संदेश को दोहराते हुए कहा कि हर व्यक्ति अपने जीवन मे कम से कम 12 पर्यटन स्थल जरूर घूमे, क्योंकि जब तक हम अपनी धरोहर को नहीं जानेंगे तब तक हम किसी को अपने क्षेत्र में आने का निमंत्रण नहीं दे सकेंगे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More