समाज में व्यवहारिक परिवर्तन लाती है मीडिया: सुधीर

– विकासात्मक पत्रकारिता व सकारात्मक रिपोर्टिंग, मीडिया कार्यशाला संपन्न
रांची/मेदिनीनगर: मीडिया समाज में व्यवहारिक परिवर्तन लाती है। लोगों को प्रोत्साहित करने, मोटिवेट करने और जागरूक करने में मीडिया की अहम भूमिका है। मीडिया के समक्ष अनेक चुनौतियां हैं। विशेषकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के समक्ष कंटेंट को देखना सेलिब्रेटी, सिनेमा, सेंसेक्स, वाणिज्य जैसे क्षेत्रों में चयन की चुनौति है। इनके बीच विकासात्मक पत्रकारिता व सकारात्मक रिपोर्टिंग की बात आती है व वर्तमान पत्रकारिता की सामाजिक जिम्मेदारी जनता को सूचना देना है। उक्त बातें आज एमिटी यूनिवर्सिटी रांची पत्रकारिता विभाग के सहायक प्राध्यापक सुधीर कुमार ने कही।
श्री सुधीर प्रमंडल स्तरीय विकासात्मक पत्रकारिता व सकारात्मक रिपोर्टिंग विषयक मीडिया कार्यशाला में बोल रहे थे। यह आयोजन प्रमंडलीय सूचना व जनसंकर्पक विभाग, पलामू द्वारा आहूत किया गया था। कार्यशाला में पलामू, गढ़वा व लातेहार जिले के विभिन्न समाचार पत्रों व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के ब्यूरो प्रमुख व प्रतिनिधि मौजूद थे। कुमार ने कहा कि जनता के प्रति समर्पित होना हमारा सामाजिक दायित्व है। बुनियाद अपने आप में डालना है और नई पौध को भी प्रशिक्षित करना है। सिटिजन जर्नलिज्म का जमाना है। सभी के पास मोबाइल है सोशल मीडिया से जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया हमें समय-समय पर दिशा निर्देशन करती है। वैश्वीकरण के इस युग में चार स्तंभ न्यायपालिका, विधायिका, कार्यपालिका एवं प्रेस की जिम्मेदारी बहुत है। उन्होंने यूरोपियन देशों का उदाहरण देते हुए गाफा शब्द का वर्णन किया। कहा कि गाफा बेन मैपिंग करती है। सोशल मीडिया पर जो हम डालते हैं, उसका मैपिंग कर दुनिया भर के पेड न्यूज को लेकर सामने आता है। इससे मीडिया प्रभावित हो रहा है। कहा कि सरकारें बदलती रहती है, इसलिए समय के साथ मीडिया को भी बदलना पड़ता है। समय के साथ नहीं बदलेंगे तो विलुप्त हो जाएंगे। कहा कि सिटिजन जर्नलिज्म के न्यूज को छानकर हमें बेहतर न्यूज बनाने की आवश्यकता है। मीडिया को अपनी वजूद को बचाकर चलना है।
यह भी पढ़ें: युवाओं को स्वराज का सही अर्थ समझाना आवश्यक: डाॅ अजीत
इस दौरान पलामू सूचना व जनसंपर्क विभाग के उप-निदेशक संजीव कुजूर ने कहा कि विकासात्मक पत्रकारिता और सकारात्मक रिपोर्टिंग आवश्यक है। सरकार की कई कल्याणकारी योजनाएं चल रही है, जिनकी सकारात्मक रिपोर्टिंग से लोगों को लाभ मिल सकता है। पत्रकारों को चाहिए कि अपने प्रखंड या जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं से लोगों को पहुंचने वाले फायदों पर भी समाचार प्रकाशित करें, जिससे लोग सरकार की विकासात्मक योजनाओं से जुडकर लाभ उठा सकें। क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी गौरव पुष्कर’ ने इस दौरान विषय प्रवेश कराते हुए डिजिटल मीडिया की सार्थकता बल दिया। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं में लोगों की भागीदारी के साथ उनके सार्थक उपयोग की पत्रकारिता करने के संबंध में उपस्थित पत्रकारों को सलाह दी। मौके पर कई पत्रकारों ने भी अपने विचार प्रकट किये। धन्यवाद ज्ञापन जिला जनसंपर्क पदाधिकारी देवेंद्र नाथ भादुड़ी ने दिया।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More