देवघर: दीवार गिरने से मजदूर की हुई मौत

देवघर: राम मंदिर रोड, जून पोखर इलाके में रविवार को हो रही बारिश के दौरान एक दीवार ढहने से उसकी चपेट में आकर मजदूर की मौत हो गई। मृतक 28 वर्षीय बिकलु मांझी सारवां थाना क्षेत्र के बैद्यनाथपुर गांव का रहने वाला था। घटना के संदर्भ में प्राप्त जानकारी के अनुसार वह रविवार को राम मंदिर रोड जून पोखर स्थित पुराना बठखरा फैक्ट्री के पास स्थित एक मकान में काम कर रहा था। काम करने के दौरान अचानक बारिश होने लगी तो बारिश से बचने के लिए वह उक्त निर्माणाधीन मकान के एक दीवार के पास बैठ गया। इसी दौरान उक्त मकान का एक दीवार भरभरा कर ढह गया और वह उसकी चपेट में आ गया। घटना में मौके पर ही उसकी मौत हो गई जबकि वहां कार्य कर रहे अन्य मजदूर व मिस्त्री वहां से फरार हो गए। उसके बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही नगर थाना के एसआई रामानुज सिंह सदल बल मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन की। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। बिकलू की मौत के बाद उसके बच्चों के भरण-पोषण की विकट समस्या खड़ी हो गई है। बिकलू के तीन बच्चों में सबसे बड़े की उम्र तकरीबन छह साल होगी। बिकलू ही मजदूरी कर इनका लालन-पालन कर रहा था। बिकलू के तीन और भाईयों में एक की मौत पूर्व में हो चुकी है, जबकि दो भाई अलग रहते हैं। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More