चोर- लूटेरों से सावधान रहें, डबल इंजन की सरकार बनाएं: रघुवर

कमजोर सरकारें विकास नहीं कर सकतीं
स्टेट ब्यूरो: जोहार जनआशीर्वाद यात्रा पर निकले मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रविवार को साहिबगंज के विवेकानंद चौक (बाटा चौक) पर जनसभा को संबोधित करते हुए एक बार फिर से डबल इंजन की सरकार चुनने का आहवान किया। कहा कि इसी कारण पांच साल में राज्य का विकास हुआ। फिर से मौका दें तो झारखंड को नंबर वन राज्य व साहिबगंज को नंबर वन जिला बनाएंगे। इस क्रम में मुख्यमंत्री ने यहीं पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
सीएम ने कहा कि एक बार फिर चोर- लूटेरे महागठबंधन बना रहे हैं। संतालवासी इनसे सावधान रहें। याद रखें, कि कमजोर सरकार से विकास की कल्पना नहीं की जा सकती है। झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन, कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन व झाविमो प्रमुख बाबूलाल मंराडी पर तंज कसते हुए रघुवर दास ने कहा कि संताल परगना से झारखंड में तीन मुख्यमंत्री हुए, लेकिन आज भी यह जिला सर्वाधिक पिछड़ा रह गया। तीनों सीएम ने जनहित को छोड़ सिर्फ अपना हित साधा। कांग्रेस व झामुमो ने दुष्प्रचार के माध्यम से आदिवासियों के वोट को ठगकर शासन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने संताल के विकास का संकल्प लिया है। यहां प्रदेश का पहला बंदरगाह बना। इससे पूरा बनने में हालांकि दो-तीन साल लगेंगे, लेकिन जब तैयार होगा तो हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। 500 एकड़ जमीन में इंडस्ट्रीयल हब व कार्गो सेंटर बनेगा और हर बेरोजगार को रोजगार मिलेगा। कहा कि यहां के लोगों का सौभाग्य है कि यहां 83 किलोमीटर गंगा बहती है। गंगा को अविरल-निर्मल बनाने का काम भी चल रहा है। यहां की जमीन को फ्री होल्ड करने की मांग कई सालों से की जा रही है। खासमहल कानून की समाप्ति का वायदा कर वोट ले लेते थे, लेकिन करते कुछ नहीं थे। भाजपा सरकार ने इस काले कानून को खत्म कर दिया। अब आप पैसे जमाकर जमीन को सदा के लिए अपने नाम करा लें। स्थानीय विधायक सह भाजपा के प्रदेश महामंत्री अनंत ओझा ने भी इस दौरान सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
राज्य की नारी शक्ति की ताकत को आगे लाने का कार्य हो रहा है। राज्य में पांच साल में 2 लाख 17 हजार सखी मंडल का गठन किया गया है, अब सखी मंडल की महिलाएं स्कूल ड्रेस बनाकर स्कूल में देगी । उन्होंने कहा कि 2022 तक कोई गरीब बेघर नहीं रहेगा। देश में 37 लाख गरीबों का खाता खुला है। वंशवाद व परिवार बाद की राजनीति देश में नहीं चलेगी । इस मौके पर दुमका सांसद सुनील सोरेन, रांची सांसद संजय सेठ, प्रदेश उपाध्यक्ष हेमलाल मुर्मू, भाजपा जिलाध्यक्ष विश्वनाथ गुप्ता उर्फ पप्पू साह, भाजपा महामंत्री रामानंद साह सहित कई लोग मौजूद थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More