रांची: छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का पूर्णरुपेण दबदबा देखा गया और आलम ये है कि उसने विवि के 95 सीटों में से 65 पर पर बाजी मार ली है। खास बात ये है कि एनएसयूआई का खाता तक नहीं खुल सका। जेसीएम, जेवीसीएम, झारखंड छात्र संघ के अलावा वाम दल से जुड़े छात्र संगठनों के प्रत्याशी जीत का मुंह नहीं देख पाए।
गौरतलब है कि रांची विवि के पीजी सहित 19 शिक्षण संस्थानों में पांच-पांच पदों के लिए कुल 95 पदों के लिए गुरुवार को मतदान संपन्न हुआ था। आज हंगामा के बीच मतों की गिनती हुई, जिसमें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सबसे बड़े छात्र संगठन के रूप में उभरा है। आदिवासी छात्र संघ (एसीएस) ने 22 और आजसू ने 6 सीटों पर कब्जा किया है। इस बार 2 निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी बाजी मारी है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव का कहना है कि एबीवीपी की जीत ने साफ है कि युवाओं की पहली पसंद राष्ट्रवादी विचारधारा पर चलने वाले संगठन हैं। पूरे देश से साफ हो रही कांग्रेस की एनएसयूआई का भी खाता नहीं खुला। उन्होंने कहा कि ये विधानसभा चुनाव के परिणाम के भी संकेत हैं।