रामगढ़: गोला प्रखंड के नावाडीह में रविवार को कांग्रेस द्वारा जनसंपर्क अभियान चलाया गया, जिसकी अध्यक्षता राजा करमाली व संचालन ज्ञानी करमाली ने किया। मौके पर बतौर मुख्य अतिथि कांग्रेस नेता व किसान बेरोजगार संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय संयोजक पंकज महतो ने कहा कि सरकार परिवहन नियमो में बदलाव करके जनता का शोषण कर रही है। कांग्रेस लगातार इसके लिए आंदोलन कर रही है।
श्री महतो ने कहा कि आनेवाले समय में भी पार्टी इसके खिलाफ उग्र आंदोलन करेगी। कहा कि रघुवर सरकार ने परिवहन नियम को तीन महीने के लिए स्थगित सिर्फ विधानसभा को देखते हुए किया है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे सरकार के बहकावे में ना आएं। कहा कि अबकी बार रघुवर सरकार 65 पार का नारा दे रही है, लेकिन उन्हें जनता झारखंड से तड़ीपार करनेवाली है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चकडैम केवल ठेकेदारी के ध्येय से बनाये गये हैं। इस बाबत जिलानी खान, झलकू बेदिया, गजानंद मुंडा, सलमान कादिर, आजाद सिंह, पंकज सिंह, बबलू अग्रवाल, अरुण कुशवाहा, ठाकुर जी , तेजा करमाली, संतोष बेदिया, राजेश करमाली व विकास कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।