सीएम को लीगल नोटस मामला
– कानूनी शिकंजा कसा तो चिदंबरम का राग अलाप रहे
रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास को लीगल नोटिस भेजने के मामले को भाजपा ने हास्यासपद बताते हुए पलटवार किया। पार्टी प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने रविवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि यदि हेमंत सोरेन एक लीगल नोटिस भेजेंगे तो भाजपा 10 लीगल नोटिस भेजेगी। श्री शाहदेव ने कहा कि निराशा और कुंठा में घिरे हेमंत सोरेन अब सब हथकंडे अपना रहे हैं। हेमंत को स्पष्ट करना चाहिए, कि उनके द्वारा अर्जित की गई प्रॉपर्टी 500 करोड़ की नहीं है, तो क्या यह उससे ज्यादा की है या कम की है।
सार्वजनिक जीवन में होने के कारण श्री सोरेन को राज्य की जनता को अपनी प्रॉपर्टी का वास्तविक मार्केट मूल्य बताना चाहिए। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि सोरेन परिवार ने पूरे प्रदेश में जमकर जमीन की रजिस्ट्री करायी है व पांच सितारा सुविधा युक्त सोहराई भवन का निर्माण भी कराया है। इनमें से अधिकतर संपति सीएनटी- एसपीटी कानून की धज्जियां उड़ा कर ली गई है। कहा कि हेमंत सोरेन द्वारा भाजपा सरकार पर लगातार निराधार भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं। रघुवर सरकार के दामन पर कोई दाग नहीं है, लेकिन हेमंत ने पिछले पांच वर्षों के दौरान भ्रष्टाचार के बेबुनियाद आरोप लगाकर सरकार की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है।