हेमंत सोरेन गलत बयानी कर रहे हैं: भाजपा

विस उदघाटन में निमंत्रण नहीं देने का मामला
रांची: हेमंत सोरेन नये विधानसभा के उदघाटन के मौके पर उन्हें आमंत्रण नहीं दिये संबंधी गलत बयानी कर रहे हैं। सच्चाई ये है कि उन्हें निमंत्रण देने के लिए विगत कई दिनों से लगातार संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा था। उन्होंने ना ही अपने मोबाइल पर किए गए कॉल को उठाया व ना ही उनके आवास से इस बाबत कोई रिस्पॉन्स दिया गया। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 10 सितंबर को स्वयं विधिवत निमंत्रण ( पत्र संख्या – 3601358– 10/09/2019) व दोबारा मुख्यमंत्री कार्यालय से उनको निमंत्रण ( पत्र संख्या 7302964,11/09/2019) के तहत भेजा गया। इसे भी उनके आवासीय दफ्तर ने रिसीव नहीं किया। उक्त बातें शुक्रवार को भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने पत्रकारों से कही।
श्री शाहदेव ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री ने भी नेता प्रतिपक्ष से संपर्क करने का काफी प्रयास किया था। मुख्यमंत्री ने झारखंड के सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों को भी पत्र लिखकर समारोह में आने का निमंत्रण दिया था। ऐसे में नेता प्रतिपक्ष पूरे तरीके से गलतबयानी कर रहे हैं कि उन्हें समारोह में निमंत्रण नहीं दिया गया। ऐसा प्रतीत होता है कि उन्होंने पहले से ही ठान लिया था कि वह समारोह में शरीक नहीं होंगे और बाद में इसको राजनीतिक रूप देंगे। दरसल झारखंड मुक्ति मोर्चा के लिए विधानसभा का क्या महत्व है, यह उसी समय स्पष्ट हो गया था जब उन्होंने 3 वर्षों तक विधानसभा के सत्र का बहिष्कार करके रखा था। इस दौरान ना तो राज्य की जनता की समस्याओं को कारगर ढंग से उठने दिया गया और न ही विपक्ष के द्वारा विधेयकों पर सार्थक चर्चा हुई। अब तो झामुमो के भीतर खाने से यह खबर आ रही है कि झामुमो के विधायक हेमंत सोरेन जी से इस बात से नाराज चल रहे हैं कि विधायकों को इस ऐतिहासिक पल का साक्षी नहीं बन पाने दिया गया।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More