दुमका में लगेगा बांस मेला, देश-विदेश से आएंगे लोग

दुमका: जिले के आउटडोर स्टेडियम में 18-19 सितंबर को आहूत होनेवाले बांस कारीगर मेला को लेकर उद्योग विभाग के सचिव के रवि कुमार ने बुधवार को निरीक्षण किया। इस बाबत उनका कहना है कि अंतर्राष्ट्रीय बांस दिवस के मौके पर कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। इसमें देश के अलावे विदेशों से भी लोग पहुंचेंगे। उन्होंने मौके पर मौजूद तमाम अधिकारियों को व्यवस्था निर्धारित समय के भीतर कर लिये जाने का निर्देश दिया है।
मेला से आम जनता को अपनी आय बढ़ाने को लेकर बहुत सारी बातें जानने को मिलेंगी। लोगों को बांस से फर्नीचर बनाने का ट्रेनिंग भी दिया जाएगा। कुछ मशीनों एवं उससे बनने वाले उपकरणों का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा। सचिव के रवि कुमार ने पूरे आउटडोर स्टेडियम में बनने वाले भव्य टेंट का अवलोकन किया। बारिश के मौसम को मद्दे नजर रखते हुए उन्होंने कहा कि हैंगर से जो बारिश का पानी गिरेगा उसे अंडरग्राउंड पाइप के माध्यम से स्टेडियम के बाहर करने की व्यवस्था की जाय। लोगों के लिए पेयजल, शौचालय एवं ठहरने की बेहतर व्यवस्था की जाय। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में एक सेल्फी प्वाइंट बनाया जाय। और लोगो को किसी भी तरह की परेशानी ना हो उन्होंने टेंट के लिए निर्देश दिया कि 15 सितंबर तक पूरा टेंट बनकर तैयार हो जाना चाहिए।
आउटडोर स्टेडियम में कुल 8 एलईडी लगाए जाएंगे जिसमें लोगों के मनोरंजन के लिए वीडियो चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह मेला आयोजित कराने के लिए हमारे पास बहुत कम समय है इसलिए समय का पूरा से पूरा उपयोग करते हुए शीघ्र कार्य पूरा करना होगा। सचिव ने शिकारीपाड़ा ब्लॉक में स्थित गमरा में बन रहे बांस की फैक्ट्री का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यहां का भी कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कर लिया जाए। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त वरुण रंजन, उप निदेशक सह प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शालिनी वर्मा व अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More