रांची: झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी की बैठक की गई। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, सांसद एवं विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर ने कहा कि बूथ की मजबूती हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। हमें उपलब्धियों को बूथों पर समर्थन में बदलना है। उन्होंने कहा कि जनता यह समझ चुकी है कि लूट और भ्रष्टाचार से बचाकर सुशासन के माध्यम से विकास को धरातल पर भाजपा की सरकार ही उतार सकती है। माथुर ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर अनेक लोक कल्याणकारी कार्य किए हैं, फिर हम ढोल बजाने से क्यों बचें, हमें सरकार की उपलब्धियों के साथ घर-घर तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि हमारी नीतियों, कार्यक्रमों पर जनता का अपार जन समर्थन है। हमारे पास सर्वमान्य विश्व प्रसिद्ध नेता है। प्रत्येक कार्यकर्ता नरेंद्र मोदी की भूमिका में घर-घर संपर्क करें। कहा कि हम सब ईमानदारी से लोक कल्याण में जुटे हैं। सरकार अंत्योदय के सपनों को तेजी से धरातल पर उतार रही है, जिसका देश की जनता ने लोकसभा चुनाव में अपने प्रचंड बहुमत से समर्थन किया है। इस दौरान सह प्रभारी नंदकिशोर यादव ने कहा कि सभी प्रकार की जिम्मेवारी महत्वपूर्ण होती है। कार्य की सफलता का एक ही मंत्र है अपनी दक्षता का सदुपयोग करें। कहा कि हम कितना करते हैं से ज्यादा महत्वपूर्ण है हम कितनी दक्षता से करते हैं। श्री यादव ने कहा कि यह चुनाव अवसर भी है और चुनौती भी। हमें अपने परिश्रम से चुनौतियों पर विजय प्राप्त करना है।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने 65+ का संकल्प दिलाया है, जिसे हम सबको अपने परिश्रम और प्रयासों से पूर्ण करना है। हमें जनता से लगातार संपर्क और संवाद बढ़ाने की आवश्यकता है। लोकसभा चुनाव के परिश्रम का परिणाम हम सब ने देखा है। हमें दिसंबर तक चैन से नहीं बैठना है। श्री दास ने कहा कि पार्टी ने जो रोड मैप और कार्यक्रम निर्धारित किए हैं, उसके आधार पर मंजिल दूर नहीं है। केवल हमें ईमानदारी और निष्ठापूर्वक अपने जिम्मेदारी को निभाना है। हम सब केवल अपने- अपने दायित्वों पर फोकस करें। कहा कि कोई ऐसा घर नहीं जहां सरकार की योजना का लाभ नहीं पहुंचा हो। यह सरकार कथनी की नहीं करनी की सरकार है। बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी के 12 सितंबर को झारखंड आगमन को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के अलावे प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश, समीर उरांव, सत्येन्द्र तिवारी, सुबोध कुमार सिंह गुड्डू, नवीन जयसवाल, महेश पोद्दार, संजय सेठ, बी.डी. राम, जयंत सिन्हा, नीलकंठ सिंह मुंडा, रवीन्द्र राय, सरयू राय, सी.पी. सिंह, नीरा यादव, राज पलिवार, अमर बाउरी, लुईस मरांडी, अशोक भगत, अमित मंडल, राज सिन्हा, बिरंची नारायण, ताला मरांडी, राधाकृष्ण किशोर, फूलचन्द्र मंडल, ढुल्लू महतो, शेखर अग्रवाल, राकेश प्रसाद, विनय लाल, परमा सिंह, राम कुमार पाहन, जीतुचरण राम, गंगोत्री कुजूर, विमला प्रधान, गणेश गंझू, हरेकृष्णा सिंह, बालमुकुंद सहाय, रविनाथ किशोर, लक्ष्मीचंद्र दीक्षित, मधुसूदन जारुहार, अयोध्यानाथ मिश्र, सुमन सिंह, चंद्रप्रकाश, जैलेंद्र कुमार सहित विधानसभा के संयोजक, सह संयोजक व जिला अध्यक्ष उपस्थित थे।