धनबाद: जिले के जोरा पोखर में आहूत मंडल प्रवास कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री अमर बाउरी ने कहा, कि भाजपा के सत्ता प्राप्ति का ध्येय मेवा खाना नही है, बल्कि जनता की सेवा करना है। 67 साल के बाद देष के कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनी है। पीएम मोदी के नेतृत्व में बनी सरकार ने शपथ ग्रहण के मात्र 100 के बाद ही ऐतिहासिक फैसला लेकर कश्मीर से धारा 370 और 35ए को हटाकर अखंड भारत के उस सपने को साकार किया जो भारतीय जनसंघ के संस्थापक पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देखा था।
श्री बाउरी ने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और उसके बाद वे कश्मीर में बिना परमिट दाखिल हुए। कहा कि हमारा अगला लक्ष्य पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर है। कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य देश के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ना है। कहा कि राज्य सहित पूरे देश में 130 से अधिक योजनाएं सरकार द्वारा चलाई जा रही है। बाउरी ने कहा कि 2014 से पहले झारखंड की जनता निराश हो गई थी। उन्हें लगा था जिस लड़ाई के बाद उन्हें अलग राज्य मिला है उसका विकास अब संभव नहीं है। लेकिन मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में आज झारखंड तरक्की की राह में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कहा कि झरिया में पहले से ही कमल खिला हुआ है और अब इसे केवल निखारने की जरूरत है। बैठक में झरिया विधायक संजीव सिंह की पत्नी रागिनी सिंह ने कहा कि लोक सभा चुनाव में मुझे अच्छा वोट मिला था। कार्यकर्ता इस बार भी उसी जोश के साथ काम करें। इस बार हम यकीन दिलाते है कि 65 प्लस की जीत जरूर हासिल होगी और राज्य में फिर से भाजपा का शासन होगा। इस मौके पर धनबाद जिला उपाध्यक्ष विष्णु त्रिपाठी ने भी अपनी बातें रखीं। बैठक में राज कुमार अग्रवाल, महावीर पासवान, श्रवण राय, उचित महतो, साबित भटाचार्या, उमेश यादव, अभिषेक पांडेय, उपेंद्र विश्वकर्मा सहित कई भाजपाई पदाधिकारी मौजूद थे।