कोडरमा: प्रकृति का संवाहक है करमा: अन्नपूर्णा

पूजा महोत्सव का आयोजन
कोडरमा: प्रखंड अंतर्गत इंदरवा बिरसा मुंडा फुटबॉल मैदान में घटवार घटवाल आदिवासी महासभा द्वारा कर्मा पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि सांसद अन्नपूर्णा देवी ने कहा की करमा पर्व प्रकृति से जुड़ा पर्व है व हम सभी प्रकृति से जुड़े हैं। गीत, नृत्य, संगीत और प्रकृति पूजा झारखंड की पहचान हैं। इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता, महासभा के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बाबूलाल सिंह, प्रदेश संरक्षक पूर्व मंत्री हरिनारायण राय, प्रदेश अध्यक्ष काशीनाथ सिंह एवं प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णा सिंह घटवार मुख्य रूप से मौजूद थे।
इससे पूर्व आगत अतिथियों का भव्यता के साथ स्वागत किया गया। सांसद ने कहा हमारे पूर्वजों ने हमें हरा-भरा झारखंड और सांस्कृतिक विरासत सौंपा है। हमारे आदिवासी भाई- बहनों ने पर्यावरण की रक्षा करने में सबसे बड़ा योगदान दिया है। हमारा कर्तव्य है कि हम आनेवाली पीढ़ी को हरा-भरा और खुशहाल झारखंड सौंपे। हमें अपनी संस्कृति बचाने के लिए जागरूक रहने की जरूरत है। कार्यक्रम की अध्यक्षता नारायण राय व संचालन दुर्गा प्रसाद राय व रीतलाल प्रसाद सिंह ने किया। प्रदेश अध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि करमा घटवार घटवाल जाति का प्राकृतिक पर्व है और इसे झारखंड सरकार को समझना चाहिए। कहा कि तमाम सबूतों के बावजूद सरकार इस जाति को अधिकार नहीं देकर अन्याय कर रही है। मौके पर घटवार घटवाल महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णा सिंह, प्रखंड अध्यक्ष विष्णु राय, जागेश्वर राय, ठाकुर राय, सुकलाल राय, शिव शंकर राय, सुधीर राय, कोठीयार पंचायत के मुखिया कांति देवी, ढ़ाकोला मुखिया विष्णी देवी, बंगाखलार शोभा देवी, जानपुर मुखिया मेघलाल राय सहित भारी संख्या में लोग मौजूद थे।

