रांची: राज्य के खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव अबुबकर सिद्दकी ने कहा है कि राजस्व चोरी और अवैध खनन को लेकर विभाग लगातार ठोस कार्रवाई कर रहा है और इस बाबत अवैध रुप से हो रहे खनन व राजस्व की चोरी को विभाग ने पूरी सख्ती के साथ रोकने का काम किया है। अवैध कार्यों पर लगाम लगाने के लिए विभाग ने कड़ियल रुख अख्तियार किया है। वे शनिवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे।
श्री सिद्दकी ने कहा, कि हाल के वर्षों में राजस्व संग्रहण में बढ़ोत्तरी हुई है। खान सचिव ने पिछले साढ़े चार साल से अधिक की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि खान भूतत्व विभाग का कुल राजस्व संग्रहण में 8.4 प्रतिशत का योगदान है और हाल के वर्षों में राजस्व संग्रहण में खासी बढ़ोत्तरी हुई है। उन्होंने बताया कि वृहद खनिज के लिए अधिसूचित नये मिनरल्स एक्शन रूल्स के प्रावधानों के अनुरूप देश में प्रथम नीलामी करने का गौरव झारखंड को प्राप्त हुआ और इसके लिए भारत सरकार द्वारा राज्य को पुरस्कृत भी किया गया। उन्होंने बताया कि राज्य द्वारा वृहद खनिज दो स्वर्ण खनिज, 2 चूना पत्थर खनिज, 2 ग्रेफाइट खनिज और एक लौह अयस्क खनिज ब्लॉकों की नीलामी की गयी, वहीं लघु खनिज के 3 खनिज ब्लॉकों की गयी और पांच खनिज ब्लॉकों की नीलामी की प्रक्रियाधीन है।
उन्होंनें कहा कि निकट भविष्य में राज्य में 20 पत्थर खनिज ब्लॉक और 3 अभ्रख खनिज ब्लॉक की नीलामी की प्रक्रिया की जाएगी। राज्य में 3 कोल बेड मिथेन ब्लॉकों की स्वीकृति दी गयी तथा हजारीबाग जिले के स्वीकृत सीबीएम के ब्लॉक में सफल उत्पादन भी किया गया। खान सचिव ने बताया कि कोडरमा और गिरिडीह जिले में ढिबरा को निलामी के उद्देश्य से चिन्हित कर जेएसएमडीसी को कुल 35 ढिबरा के ढेर की निलामी के लिए उपलब्ध करा दिया गया है, सभी जिलों में बालू खनन को लेकर जिला सर्वे तैयार किया गया और अन्य लघु खनिजों का एसडीआर प्रक्रियाधीन है। वहीं राजकीय भूतात्विक प्रयोगशाला हजारीबाग परिसर में ही जियोलॉजिक ट्रेनिंग का उदघाटन हो चुका है।