कोडरमा: लड़कर लिया है झारखंड व लड़कर लेंगे अधिकार: हेमंत सोरेन

बदलाव यात्रा पर कोडरमा पहुंचे
कोडरमा: बदलाव यात्रा पर कोडरमा पहुंचे झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने प्रखंड मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लड़ कर लिया है, झारखंड लड़ कर लेंगे अधिकार। कहा कि भाजपा की सरकार ने झारखंड को सिर्फ लूटने का काम किया है। बड़े-बड़े उद्योगपतियों के हाथों में झारखंड को गिरवी रख दिया गया है। रघुवर सरकार के कार्यकाल में राज्य में बेरोजगारी बढ़ी है, ठेकेदारी प्रथा के बढ़ने से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है और सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हैं।
श्री सोरेन ने कहा कि सरकार द्वारा घर घर शौचालय बनाया जा रहा है, परंतु उसमें भी कमीशन खोरी चरम पर है जिसके कारण 90 फीसदी शौचालय दूसरे कामों में प्रयोग हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जेल के जैसे कमरे बनाए जा रहे हैं। आयुष्मान भारत के तहत फर्जी अस्पताल को सूचीबद्ध कर बीमा कंपनियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। फसल बीमा के तहत बीमा कंपनियों को 750 करोड़ रूपया दिया गया और उनके द्वारा मात्र 73 करोड़ का ही भुगतान किसानों को किया गया। सरकार के द्वारा ग्रामीण स्कूलों को बंद किया जा रहा है और निजी स्कूलों को भी नोटिस दिया जा रहा है। इस सरकार के कार्यकाल में स्कूल के जिसे ज्यादा शराब के ठेके हैं। नेताओं के कार्यक्रमों में करोड़ों रुपए के पंडाल बनाए जाते हैं और लोगों को पकड़ पकड़ कर हमारे प्रधानमंत्री के संदेश सुनवाये जा रहे हैं। सभी सरकारी कंपनियों को सरकार बेचने का काम कर रही है। शिक्षक दिवस पर पारा शिक्षक जेल भरो आंदोलन कर रहे हैं। इससे स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस सरकार के द्वारा आरक्षण को समाप्त करने की साजिश की जा रही है।
श्री सोरेन ने कहा कि देश में मंदी के कारण बड़ी-बड़ी कंपनियां बंद होने के कगार पर हैं। लाखों लोगों के रोजगार छिन गए हैं। उन्होंने कहा कि जिस देश का राजा व्यापारी होता है उस देश की प्रजा हमेशा भिखारी होती है और आज यही वाक्य चरितार्थ हो रहा है। कहा कि डॉक्टर का नामोनिशान नहीं और जगह-जगह अटल क्लीनिक खोले जा रहे हैं यह गरीब जनता के साथ मजाक के सिवा और कुछ नहीं है। उन्होंने लोगों से कहा कि बैंकों में आपका पैसा सुरक्षित नहीं है बड़े-बड़े उद्योगपति बैंकों को चूना लगा रहे हैं। कोई भी बैंक कभी भी दिवालिया हो सकता है व आपका बैंकों में रखा पैसा डूब सकता है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनेगी तो ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण, एसटी को 28 प्रतिशत आरक्षण एवं एससी को 12 प्रतिशत आरक्षण के साथ-साथ महिलाओं को सभी नौकरियों में 50 फीसदी का आरक्षण दिया जाएगा। निजी क्षेत्र में भी 75 प्रतिशत नौकरियां स्थानीय लोगों के लिए ही सुरक्षित की जाएंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्याम किशोर सिंह ने की। मौके पर डुमरी विधायक जगन्नाथ महतो, पूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी, पिंटू श्रीवास्तव, कमल नयन सिंह, कामेश्वर महतो, गोपाल यादव, गंगा यादव, महेश राम, पवन कुजुर, मनोज राउत, दीपक विश्वकर्मा, अशोक सिंह, वीरेंद्र पांडेय, संजय पांडेय, रविंद्र शांडिल्य, निर्मला तिवारी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More