रामेश्वर जी ! बताइए महफिल में कौन बड़ा चोर: प्रतुल

रांची: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव द्वारा अपने गठबंधन के साथियों की तुलना चोरों से करने के बयान को भाजपा द्वारा तोड़ मरोड़ कर पेश करने की बात को हास्यास्पद करार दिया है। उन्होंने कहा कि वीडियो देखने के बाद सत्य आईने की तरह साफ है। डाॅ उरांव ने महागठबंधन सहित सीट शेयरिंग के मुद्दे पर अपने महागठबंधन के साथियों की तुलना चोरों से की थी।
श्री शाहदेव ने बुधवार को कहा कि उनका रामेश्वर उरांव से अनुरोध है, कि वे यह बताएं कि इन चोरों की महफिल में ज्यादा बड़ा चोर कौन है ? कहा कि यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि लोकतंत्र को संसदीय रिश्वत कांड के जरिए बेचने वाला दल या फिर पशुओं का चारा खाने वाला दल बड़ा चोर की गिनती में आता है। रामेश्वर उरांव और डॉ अजय कुमार दोनों तेज तर्रार पुलिस अधिकारी रह चुके हैं। डॉ. अजय कुमार ने पहले ही अपने कांग्रेस के सहयोगियों को अपराधियों से भी बदतर बताया था और अब पार्टी के नये अध्यक्ष डाॅ उरांव भी अपने गठबंधन के साथियों की तुलना चोरों से कर रहे हैं। ऐसे में पुलिसिया पृष्ठभूमि से आने वाले दोनों नेताओं की आंखें धोखा नहीं खा रही हैं।
प्रतुल ने कहा कि गठबंधन के सहयोगियों ने हेमंत सोरेन को मझधार में छोड़ दिया। कांग्रेस लिखित समझौते के बाद भी हेमंत को नेता मानने से इंकार कर रही है। झाविमो सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। यह तो होना ही था। बिना नीति सिद्धांत के बने गठबंधन का यही हश्र होता है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More