हटिया- सांकी व रांची- टाटा के लिए नई ट्रेन की शुरुआत

सीएम व रेलवे राज्य मंत्री ने दिखाई हरी झंडी
रांची: गुरुवार को केंद्रीय रेलवे राज्यमंत्री सुरेश सी. अंगड़ी व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राजधानीवासियों के सालों पुराने सपने को साकार कर दिया। रांची स्टेशन पर अतिथिद्वय ने हटिया- सांकी पैसेंजर और रांची-टाटानगर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके अलावे बरकाकाना- रांची परियोजना के अंतर्गत 31 किमी लंबी टाटीसिलवे- सांकी नई रेल लाइन का उद्घाटन भी किया।
हटिया-संकी-हटिया के बीच दो जोड़ी ट्रेन चलेगी, पर 30 अगस्त को सिर्फ हटिया से संकी के बीच चलेगी। हटिया से यह ट्रेन सुबह 5.40 बजे और शाम 5.10 बजे खुलेगी, जबकि सांकी से सुबह 7.55 बजे और रात 9.05 बजे खुलेगी। वहीं, रांची-टाटा इंटरसिटी आज सिर्फ रांची से खुलेगी। टाटा से नहीं चलेगी, जबकि हर दिन निर्धारित समय पर चलेगी। ऐसा होने से 58663/ 58664 एवं 58665/ 58666 हटिया-सांकी पैसेंजर व 18113/ 18 114 टाटानगर- रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस रेल का परिचालन होने से रांची क्षेत्र में बेहतर ट्रेन संपर्क स्थापित होगा। ट्रेन जमशेदपुर को रांची शहर से जोड़ेगी, जो क्षेत्र के आर्थिक विकास को मजबूती प्रदान करने का काम करेगी।
पीएम के नेतृत्व में जोड़ने की क्रांति: मुख्यमंत्री
रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लोगों को जोड़ने का काम कर रही है, चाहे वह रेलवे हो या एयर कनेक्टिविटी, जोड़ने की क्रांति पूरे देश में चल रही है। इस मौके पर रेल राज्यमंत्री सुरेश अंगडी ने कहा कि आज भारतीय रेलवे हर छोटे-छोटे प्रदेशों को जोड़ने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा कनेक्टिविटी पर जोर दिया है। जन-धन योजना चलाकर 36 करोड़ लोगों को बैंक से जोड़कर देश की अर्थव्यवस्था में शामिल किया। नये-नये रेल, सड़क व जलमार्ग बनवाकर एक स्थान से दूसरे स्थान को कनेक्ट किया। इसमें झारखंड के पांच क्षेत्र कनेक्ट हो रहे हैं। इसी प्रकार देश के कोने-कोने तक बिजली पहुंचाकर लोगों को देश-दुनिया से कनेक्ट किया। कहा कि झारखंड विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। वह दिन दूर नहीं, जब झारखंड विकास के मामले में न सिर्फ देश के अव्वल राज्यों में शामिल होगा, बल्कि देश के विकसित देशों के समकक्ष हमारा प्रदेश खड़ा होगा। कहा कि झारखंड विकास के मामले में अन्य राज्यों के लिए रोल मॉडल बनेगा।
मौके पर नगर विकास एवं आवास मंत्री सीपी सिंह, रांची के सांसद  संजय सेठ, पुरुलिया के सांसद  ज्योतिर्मय सिंह महतो, विधायक नवीन जायसवाल, विधायक डॉ जीतू चरण राम, महापौर आशा लकड़ा, उप महापौर संजीव विजयवर्गीय, दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक, रांची मंडल के रेल प्रबंधक और धनबाद के मंडल रेल प्रबंधक समेत रेलवे के कई आला अधिकारी मौजूद थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More