दुमका: जिले की डीसी राजेश्वरी बी ने सरैयाहाट प्रखंड के बूढ़ी झिलवा स्थित आगनबाडी केंद्र का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए निर्धारित भोजन प्रतिदिन देने, समय-समय पर वजन की जांच करने, ऐप के माध्यम से इसे अपलोड करने का निर्देश दिया। कहा कि भोजन की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता ना हो, इसका पूर्णतः ख्याल रखा जाए।
डीसी ने निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केंद्र आने वाले प्रत्येक बच्चों की मॉनिटरिंग हो। उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया कि रजिस्टर का संधारण कर बच्चों की पूरी जानकारी रखें। उपायुक्त ने कहा कि बच्चों को सिर्फ खाना बना कर खिलाना ही आंगनबाड़ी केंद्र का उद्देश्य नहीं है। खाना खिलाने के साथ-साथ उनके पठन-पाठन का भी ध्यान रखा जाए। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारी को आयरन टेबलेट वितरण करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र में साफ-सफाई बेहतर हो। विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा आंगनबाड़ी केंद्र का बेहतर ढंग से रंग रोगन किया जाए। उन्होंने उपस्थित सेविका सहिया से कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र आने वाले बच्चे आपके ही घर के बच्चे हैं इनका ख्याल अपने बच्चों की तरह ही रखें। इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस अभिजीत सिन्हा, जिला योजना पदाधिकारी अरुण कुमार द्विवेदी, प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश मछुआ एवं सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।