अनंत में विलीन हुए अरुण जेटली, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

नई दिल्ली/रांची: राष्ट्रीय राजधानी के निगम बोध घाट में रविवार को पूर्व वित्तमंत्री अरुण जेटली का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अरुण जेटली के अंतिम दर्शन के लिए पक्ष और विपक्ष सभी पार्टी के नेता पहुंचे। हालांकि इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उपस्थित नहीं हो पाए। भाजपा के लिए अगस्त का महीना काफी मनहूसियत वाला रहा है। पार्टी ने इसमें सुषमा, बाबूलाल गौर और जेटली को खोया।
हिंदुस्तान की राजनीति के अरुण आज पंचतत्व में विलीन हो गए। इस बाबत पक्ष व विपक्ष के कई दिग्गजों ने शिरकत किया। गौरतलब है कि शनिवार को दिल्ली के एम्स में अरुण जेटली का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। जेटली के निधन से हर किसी की आंखे नम थीं व वे भारतीय राजनीति के बेजोड़ मिसाल थे। वो बीजेपी की ऐसी जरूरत थे, जिसके बगैर न पार्टी चलती थी, न सरकार चलती थी, न शासन चलता था और न ही अनुशासन चलता था। उनके अंतिम संस्कार में बीजेपी से वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा समेत अन्य शामिल हुए। इसके अलावे कांग्रेस से ज्योतिरादित्य सिंधिया और कपिल सिब्बल,दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी अंतिम यात्रा में शामिल रहे।
रघुवर दास ने दी श्रद्धांजलि
पूर्व वित्त मंत्री दिवंगत अरुण जेटली के पार्थिव शरीर को रविवार सुबह अंतिम दर्शन के लिए दिल्ली के भाजपा मुख्यालय लाया गया। इस दौरान झारखंड के मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। श्री दास ने अपने ट्विटर पर लिखा कि जेटली जी के विचार सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे… शत शत नमन
रामगढ़ भाजपा ने दी श्रद्धांजलि
जिले के भाजपा कार्यालय में रविवार को श्री जेटली को श्रद्धांजलि देते हुए जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी ने कहा कि ये भारतीय राजनीति का बड़ी क्षति है। बहुमुखी प्रतिभा के धनी जेटली साहब की पहचान एक विद्वान, तार्किक, आर्थिक समझ, राजनीति और कानूनी मुद्दों की गहराई तक समझ रखने वाले नेता की रही हैं। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री रंजीत पांडेय ने किया। इस बाबत स्वर्गीय जेटली के चित्र पर वहां मौजूद लोगों ने माल्यार्पण किया। श्रद्धांजलि देने वाले में नारायण चंद भौमिक, प्रकाश मिश्रा, अमरजीत सिंह छाबड़ा, राजू चतुर्वेदी, रंजन सिंह छोटन, ब्रजेश पाठक प्रवीण मेहता, महेंद्र प्रजापति, सुबोध सिंह, बिरसा हांसदा, रणंजय कुमार कुंटु बाबू, राजीव रंजन प्रसाद, अभय सिन्हा, संतराज पासवान, उर्मिला देवी, नमेंद्र चंचल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More