विधायक के प्रयास से मिलेगा 5 लाख मुआवजा
रांची/हजारीबाग: जिले के बिष्णुगढ थाना के करगालो निवासी दीना महतो के पुत्र रूपलाल महतो का शव 15 दिनों बाद पश्चिमी अफ्रिका के सिएरा लियोन से रविवार को रांची पहुंचा। बताते चलें कि पिछले 10 अगस्त को रूपलाल महतो की वहां मौत हो गयी थी। स्वर्गीय महतो अफ्रिका के कल्पतरू ट्रांसमिशन कंपनी में कार्यरत थे। कंपनी द्वारा उनकी मौत के बाद मुआवजा देने में अनाकानी करने के कारण शव को करगालो नहीं लाया जा सका था।
विधायक जयप्रकाश भाई पटेल व प्रवासी ग्रुप एडमिन सिकंदर अली ने कंपनी से लगातार दूरभाष पर मुआवजा को लेकर प्रयास किया गया, जिसके बाद मृतक के परिजनो को कंपनी द्वारा पांच लाख रूपये का बैंक ड्रफ्ट व 45 दिनों के अंदर पांच लाख रूपये की बीमा राशि व सैलेरी की राशि कंपनी द्वारा दिये जाने की बात मान ली गई है। इसके अलावा कंपनी ने अंतिम संस्कार के लिए 55 हजार रूपये दिया है। रूपलाल महतो अपने पीछे पत्नी टूकनी देवी, बेटी पुष्पा कुमारी (17) ,सरिता कुमारी (12) व पुत्र टींकू कुमार छोड गया। विदेशों में रोजी कमाने जाने वाले झारखंड के नौजवानों की वहां फजीहत में पड़ने मौत के मुंह में समा जाने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई लोगों की मौत हो चुकी हैं। सिएरा लियोन में इससे पूर्व 22 जनवरी 2019 को बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के हुरलुंग नारकंडी टोला के रहनेवाले दिनेश महतो व 3 मई 2019 को गिरीडीह जिले बगोदर थाना क्षेत्र के दोदलो के रहनेवाले खिरोधर महतो की मौत बीमार होने के कारण हुई थी।