प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग
हजारीबाग: जिले के बरही निवासी संजय मेहता ने पीएमओ को एक पत्र लिखकर झारखंड में बेहाल सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था सहित राजधानी के मेडिका हॉस्पिटल के आतंक के खिलाफ पीएम नरेंद्र मोदी को तीन पेज का पत्र भेजा है। पत्र को पीएमओ के अवर सचिव अंबुज शर्मा ने स्वीकार कर लिया है। श्री मेहता ने इस बाबत मेडिकल माफिया को खत्म करने, निजी अस्पतालों को रेगुलेट करने, स्वास्थ्य को मौलिक अधिकार बनाने के अलावे रांची के निजी अस्पताल मेडिका को बंद करने का अनुरोध किया है।
पत्र में उन्होंने सुझाव के साथ झारखंड की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की गुजारिश की है। उन्होंने लिखा है कि झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता परेशान है। इलाज का उचित प्रबंध नहीं है। राँची का रिम्स अस्पाल पूरे राज्य का भार सह पाने में सक्षम नहीं है। रिम्स अस्पताल भी दलाल और माफियाओं के चंगुल में उलझ गया है। निजी अस्पताल मनमानी कर रहे हैं। मरीजों का आर्थिक दोहन हो रहा है। निजी अस्पताल मरीजों से अधिक पैसे वसूल रहे हैं। पत्र में उन्होंने लिखा है कि झारखंड की जनता आपकी तरफ उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है।
संजय मेहता का कहना है कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था की सच्चाई किसी से छिपी नहीं है। इसमें सुधार आयश्यक है। निजी अस्पतालों की मनमानी बढ़ गयी है। मेडिका प्रबंधन की लगातार हमें शिकायतें मिल रही थी। आम लोगों को अस्पताल द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा था। सरकार भी निजी अस्पतालों की मनमानी पर चुप है। यह सरकार का उत्तरदायित्व है कि आम लोगों की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुलभ रूप से उपलब्ध कराया जाए। गुणवत्तापूर्ण इलाज और जीवन सबका अधिकार है। झारखण्ड सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर रूप में उपलब्ध कराने में असफल है। अब एक मात्र उम्मीद केंद्र सरकार से है। मोदी जी को पत्र लिखा है। पूर्ण विश्वास है वह इस मामले में उचित कदम उठाएंगे। मेहता ने कहा कि किसी भी कीमत पर निजी अस्पतालों की मनमानी नहीं चलने देंगे। अगर इन माफियाओं के खिलाफ कोर्ट का भी शरण लेना पड़े तो हम लड़ाई को तैयार हैं।