एनीमिया व कुपोषण बड़ी समस्या: राज्यपाल

रांची: राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि स्वास्थ्य से बढ़कर दूसरा कोई धन नहीं है और ऐसे में सभी को इसके प्रति जागरुक रहना चाहिए। कोई भी व्यक्ति नशा ना करे, क्यों के ये स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से बेहद हानिकारक है। उक्त बातें प्रदेश की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को अपने चार दिवसीय संथाल परगना प्रमंडल दौरे के क्रम में नयाडीह काठीकुंड स्थित कल्याण विभाग द्वारा संचालित अस्पताल के निरीक्षण के दौरान कहीं।
राज्यपाल ने कहा कि अस्पताल में अधिकतर महिलाएं एनीमिया से पीड़ित हैं। वे घर में दूसरे सदस्यों का ध्यान रखते-रखते स्वयं का ध्यान रखना भूल जाती हैं। पुरुष भी सिर में चक्कर आने से पीड़ित होकर भर्ती हैं। ऐसे में वे अपने खानपान का ध्यान रखें। गर्म पानी पीयें। राज्यपाल ने कहा कि कुपोषण भी इस क्षेत्र की एक गंभीर समस्या है। इसलिए महिलाओं को इस दिशा में विशेष ध्यान देने की जरूरत है ताकि बच्चा भी स्वस्थ हो। उन्होंने कहा कि आज सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित हैं। बच्चों के जन्म से ही योजनाएं हैं। लोगों को उन योजनाओं के प्रति सजग और जागरूक रहना होगा, ताकि वे इन योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।
श्रीमती मुर्मू ने अस्पताल के भ्रमण के क्रम में वहां मरीजों से मुलाकात कर चिकित्सकों से उनके रोग व उपचार के संबंध में पूछा। उन्हें बताया गया कि यहां 5 चिकित्सक हैं, जिनमें महिला चिकित्सक भी शामिल हैं। इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री डॉ. लुईस मरांडी ने भी कहा कि यह अस्पताल कल्याण विभाग द्वारा एनजीओ के माध्यम से संचालित है। यहां मरीजों के बेहतर उपचार के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। जो भी समस्यायें हैं, उनका जिला एवं विभाग स्तर पर समाधान कर लिया जाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि सभी मरीजों का उपचार सेवा व समर्पण भाव से किया जायेगा। इस अवसर पर उपायुक्त राजेश्वरी बी सहित दुमका जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारीगण एवं अस्पताल के चिकित्सकगण मौजूद थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More