रांची: देशभर में आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी को प्रथम पुण्यतिथि के मौके पर श्रद्धा- सुमन अर्पित किये गये। इस मौके पर प्रदेश भाजपा में आहूत एक सादे समारोह में उनके जीवन को आदर्श मानकर उनके पद- चिन्हों पर चलने के संकल्प लिये गये। मौके पर मौजूद संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि अटल जी एक युग पुरुष होने के साथ- साथ बहुमुखी प्रतिभा के धनी थी।
भाजपा कार्यालय में उन्हें प्रदेश के नेताओं के साथ- साथ कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धा सुमन अर्पित किया। श्री सिंह ने कहा कि अपने परिश्रम से पार्टी को शून्य से शिखर तक पहुंचाने वाले व्यक्तित्व का नाम है अटल बिहारी बाजपेयी। ये हमेशा अपने मन, वचन व कर्म से अटल रहे। उनके विचार, उनके भाषण और उनकी कविताएं हमेशा करोड़ों कार्यकर्ताओं को प्रेरित करती रहेंगी। भारत रत्न स्वर्गीय वाजपेयी मां भारती के सच्चे सपूत थे। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा, मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, मोर्चा के आरती सिंह, सोना खान, अमित सिंह, नवीन झा, ब्रजेश गुप्ता, सुनील साहू सहित कई लोग शामिल थे।