झारखंड में भाजपा 65 से अधिक सीट जीतेगी: नंदकिशोर

रांची: झारखंड में भारतीय जनता पार्टी की ताकत में दोगुनी बढ़ोतरी हो चुकी है ओर इसी कारण इस बार जीत में कोई भी अड़चन नहीं आने जा रही है। पार्टी इस बार विधानसभा चुनावों में 65 से ज्यादा सीटों पर अपना परचम लहराएगी। उक्त बातें बिहार सरकार में मंत्री व झारखंड भाजपा के सह-प्रभारी नंद किशोर यादव ने बुधवार को पत्रकारों से की गई बातचीत के क्रम में कही।
श्री यादव ने कहा कि पार्टी का बूथ स्तर पर बहुत ज्यादा विस्तार हुआ है। हर बूथ पर पार्टी मजबूत स्थिति में है, ऐसे में भाजपा यह नहीं सोच रही कि उसके खिलाफ कौन चुनाव लड़ रहा है। केंद्र व राज्य सरकार के कामकाज और कार्यकर्ताओं के दम पर विधानसभा चुनाव जीतेंगे। उन्होंने कहा कि मंगलवार को उन्होंने पार्टी के नेताओं एवं मंत्रियों के साथ दो बैठकें की। इस दौरान पार्टी की स्थिति के बारे में जो जानकारी उन्हें मिली, इससे वह बिल्कुल निश्चिंत हैं।
सह प्रभारी ने कहा कि पार्टी को बहुत ज्यादा मेहनत करने की जरूरत है। सिर्फ केंद्र और राज्य सरकार के काम के बारे में लोगों को बता दिया जाये, तो 65 का लक्ष्य पार्टी हासिल कर लेगी। नेता व कार्यकर्ता इस काम में जुट गये हैं और सभी बूथों को मजबूत किया जा रहा है। पार्टी के 25 लाख सदस्य थे व प्रदेश में ताजा सदस्यता अभियान के तहत 25 लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 17 लाख सदस्य बन चुके हैं व 31 अगस्त तक 25 लाख का आंकड़ा भी हासिल कर लिया जाएगा।
[URIS id=9499]

