हजारीबाग: 5 अगस्त को कुलाधिपति देंगी 219 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल

विभावि का दीक्षांत समारोह
हजारीबाग: विनोबा भावे विश्वविद्यालय में आहूत आठवें दीक्षांत समारोह के अवसर पर 5 अगस्त को राज्य की राज्यपाल सह कुलाधिपति द्रौपदी मुर्मू विश्वविद्यालय के 219 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल से नवाजेंगी। इस बाबत होनेवाले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष (स्पीकर) प्रो. दिनेश उरांव मौजूद होंगे।
अध्यक्षता राज्यपाल करेंगी। इनके आदेश के बाद समारोह की औपचारिक शुरुआत होगी। गोल्ड मेडल पानेवाले विद्यार्थियों को उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम विनोदनी तरवे दीक्षांत मंडप में होगा और इस दौरान 6633 उपाधि धारियों को उपाधि दी जाएगी। कुलपति डाॅ. रमेश शरण ने बताया कि गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में पीएचडी के 142, पीजी टाॅपर 75 तथा 3 सर्वश्रेष्ठ स्नातक विद्यार्थियों को दी जाएगी।
यह भी बताया गया कि पीजी के 2853 एमटेक के 10, एमबीए के 84, एमएससी बायोटेक के 40, सीएनडी के 52, एमसीए के 39, एमएड के 56, यूजी के 2086, बीटेक के 239, लाॅ के 135, बीपीएड के 3 तथा बीएड के 789 विद्यार्थियों को उपाधि देकर सम्मानित किया जाएगा। सभी विद्यार्थियों को मंच पर ही उपाधि दी जाएगी। इस अवसर पर प्रतिकुलपति डाॅ. कुनुल कंडीर, कुलसचिव डाॅ. बंशीधर रुखैयार, परीक्षा नियंत्रक डाॅ. विरेन्द्र कुमार गुप्ता, डाॅ. सुकल्याण मोइत्रा, डाॅ. प्रमोद कुमार, डाॅ. विनोद रंजन आदि उपस्थित थे।
[URIS id=9499]



