बगोदर: पाईप लाइन से पेयजल के नाम पर परोसी जा रही बीमारियां, ग्रामीण पीने को मजबूर

गौरव गुप्ता की रिपोर्ट
बगोदर: प्रखंड के बाजार सहित आसपास के लोग विगत एक माह से दूषित पेयजल पीने को मजबूर हैं। इनकी समस्या से निजात दिलाने के लिए अब तक किसी प्रकार की सरकारी पहल नहीं होने से ग्रामीणों का आक्रोष बढ़ता जा रहा है। दरअसल पाईप लाइन के जरिए बगैर फिल्टर के मिलने वाली सप्लाई पानी ना सिर्फ लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव डाल रही है, बल्कि इसकी चपेट में बीमारियां दस्तक देने लगी हैं। उपभोक्ताओं द्वारा इस बाबत शुद्ध पेयजल देने की मांग की जा रही है।
पूरे प्रकरण को लेकर उपभोक्ताओं ने पेयजल सप्लाई करनेवाले अधिकारियों को लापरवाह करार दिया है। प्रखंड निवासी विक्की कुमार गुप्ता का कहना है, कि बीते एक माह से ग्राम जल स्वच्छता समिति के द्वारा मिलने वाला पानी बेहद दूषित है। पानी का उपयोग पीने तो छोड़ ही दीजिये, कपड़े धोने के लायक भी नहीं है। पानी से बदबू भी आ रही है। ऐसे में लोग काफी मुश्किलों का सामना कर रहे है। इन्होंने कहा कि काम में भी लोगों को दिक्कत हो रही है। जिसे लेकर विभाग इस पर ध्यान देते हुए फिल्टर युक्त पानी दे। झाविमो युवा मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष विश्वनाथ साव ने कहा कि उपभोक्ताओं के बीच दूषित पानी का सप्लाई विभागीय अधिकारियों की लापरवाही का परिणाम है। इस मामले में बगोदर बाजार को वाटर सप्लाई देने वाली समिति गंभीर नहीं है। इन्होंने पीएचईडी विभाग से पुराने मशीन को बदल कर एग्रीमेंट के तहत उपभोक्ताओं के बीच पानी वितरित किये जाने की मांग की है। इसी प्रकार उपभोक्ता रूपेश गुप्ता, मुकेश गुप्ता, संगु कुनाल का कहना है, कि सप्लाई पानी पूरी तरह से गंदा व बदबुदार है। ये हमारे पीने लायक नहीं है, लेकिन बावजूद इसके पीने को मजबूर है।
ऐसे में बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष दुर्गेश कुमार ने कहा कि उपभोक्ताओं के बीच दूषित पानी मिलने के बाद भी समिति संचालक गंभीर नहीं है। अगर समिति के पास पर्याप्त संसाधन नहीं है, तो उपभोक्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें इस पर पहल करनी चाहिए। इनका कहना है कि हर हाल में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति होनी चाहिए, ताकि लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव ना हो। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर 29 जुलाई को होनेवाली बैठक नहीं हो सकी, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
ग्राम जल स्वच्छता समिति के संचालक को बरसात के आरंभ होते ही ब्लीचिंग पाउडर और एलम केमिकल पानी में देकर सप्लाई किये जाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन संचालक समिति की लापरवाही सामने आ रही है। कहा कि बरसात के दिनों में अगर शुद्ध पानी का सप्लाई नहीं होगा, तो लोगों के बीच डायरिया व महामारी का खतरा बना रहता है। जल्द ही संचालन समिति के साथ बैठक कर इस मसले का हल निकाल लिया जाएगा।
– सचिंद्र मोहन झा, जेईई , पीएचईडी
[URIS id=9499]

