हिम्मत है तो मैनहर्ट मामले पर सीबीआई जांच कराए सरकार: हेमंत

रांची: गुरुवार को विधानसभा सत्र के चौथे दिन नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने प्रदेश के नगर विकास मंत्री सीपी सिंह को मैनहर्ट प्रकरण में आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जिस मैनहर्ट को लेकर बाते आ रही उनके उपर उंगलियां उठ रही हैं, उस पर मंत्री चाहे तो फाइल लेकर आमने- सामने बैठें, तो पूरा मामला दूध का दूध व पानी का पानी हो जाएगा। सोरेन ने मंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि यदि हिम्मत है तो सरकार सीबीआई जांच करा सकती है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में 20 करोड़ की लागत से स्मार्ट सड़क बन रही हैं। ऐसे में विडंबना ही है कि राज्य के किसी जिले की सड़कें चौड़ी नहीं हो रहीं। सरकार एक भी फ्लाई ओवर पांच सालों में नहीं बना सकी है। हरमू नदी के सौंदर्यीकरण के नाम पर जो खेल खेली जा रही है, उसे छिपाने की आवश्यक्ता नहीं है। सोरेन ने पूछा कि पैसे क्या सरकार के घर से आते हैं। कहा कि तालाबों को भरवा कर बिल्डिंग बनवाये जा रहे हैं तो दूसरी ओर हाउसिंग कॉलोनी की जमीन पर फाइव स्टार खोलने की तैयारी हो रही है। नगर विकास विभाग में खुलकर डीपीआर घोटाला हो रहा है। 7-8 करोड़ बिरसा पार्क निर्माण हेतु तय किया गया, लेकिन उसे एक बार फिर तोड़कर दोबारा पैसे खर्च करने की तैयारी हो रही है। ऐसे तमाम मसलों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
हेमंत सोरेन ने कहा कि मुख्यमंत्री के ऊर्जा विभाग में भी कथित तौर पर पैसे का लेनदेन किया जाता है। कहा कि पलामू में बिजली वितरण कार्य में लगे कंपनी के अधिकारी द्वारा मुख्य सचिव को भेजे गए ईमेल को लेकर गंभीर आरोप लगाए। सोरेन ने झारखंड विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एमडी राहुल पुरवार पर ढाई प्रतिशत कमीशन, 42 लाख मांगने का आरोप लगाकर कहा गया है कि इस मामले की जानकारी मुख्यमंत्री तक को है। उन्होंने पत्र का हवाला देते हुए कहा कि पत्र में जिक्र है कि यह पैसा केवल सीएमडी तक ही सीमित नहीं रहता, बल्कि मुख्य सचिव व मुख्यमंत्री तक का ध्यान रखा जाता है। कहा कि इसकी फाइल सभी विभागों से गुजरने के बाद फिलहाल राहुल पुरवार के कार्यालय में पड़ी हुई है व अगर हिम्मत है तो सरकार इसकी जांच कराए। कहा कि पूरे मामले की जानकारी तत्कालीन उर्जा सचिव डाॅ एनएम कुलकर्णी ने सीएम तक को दी, लेकिन पुरवार पर कार्रवाई करने के बजाय कुलकर्णी का ही विभाग से तबादला कर दिया गया। सोरेन ने कहा कि इस बाबत सरकार को पूरे प्रकरण की सच्चाई जरुर बतानी चाहिए।
कार्यवाही स्थगित
इससे पूर्व सदन की कार्यवाही शुरू होते ही 11 बजकर 45 बजे तक स्‍थगित कर दी गई। स्‍पीकर दिनेश उरांव ने इसके बाद भी सदन की कार्यवाही चलाने की कोशिश की, लेकिन हंगामा जारी रहने के कारण कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
बगैर चर्चा तीन विधयेक पास
बुधवार को लगे जय श्री राम के नारे के बाद विपक्ष से हुई तीखी नोंक- झोंक का दौर गुरुवार को भी अनव्रत जारी रहा। इसी हंगामे के बीच सदन में दूसरी पाली में तीन विधेयक पास किए गए। श्रम नियोजन मंत्री राज परिवार ने झारखंड कारखाना संशोधन विधेयक 2019 पेश किया। शिक्षा मंत्री नीरा यादव ने बाबा बैद्यनाथधाम संस्कृत विश्वविद्यालय को लेकर तैयार संशोधन विधेयक 2019 रखा, जबकि भू-राजस्व मंत्री अमर बाउरी ने झारखंड पदों एवं सेवाओं की रिक्तियों में आरक्षण अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़े वर्ग के लिए संशोधन विधेयक 2019 को सदन पटल पर रखा। तीनों विधेयक सदन से पास कर दिये गये हैं। इसके बाद सदन की कार्यवाही शुक्रवार के दिन के दस बजे तक के लिये स्थगित कर दी गई।

[URIS id=9499]

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More